गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) ने मेट्रोपॉलिटन सिटी बस बेड़े में शामिल की गई 9 मीटर लंबी इलेक्ट्रिक बस का तीन दिवसीय ट्रायल शुरू कर दिया है। बस को चार अलग- अलग रूटों पर रियल टाइम ट्रैफिक और सड़क परिस्थितियों में चलाकर उसकी कार्यक्षमता का आकलन किया जा रहा है। ट्रायल के दौरान बस की बैटरी क्षमता, बैटरी हेल्थ, यात्री भार वहन क्षमता, विश्वसनीयता और अलग-अलग सड़क परिस्थितियों में प्रदर्शन की जांच होगी। अधिक ट्रैफिक वाले मार्गों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, लंबी दूरी, खराब सड़कों और चढ़ाई वाले हिस्सों पर भी बस को चलाकर देखा जाएगा।

9 मीटर लंबी वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बस में 25 यात्रियों के बैठने की क्षमता है। परीक्षण के दौरान अलग- अलग यात्री भार के साथ बैटरी प्रदर्शन और वाहन की क्षमता का आकलन किया जा रहा है।
25 यात्रियों के बैठने की क्षमता
GMDA के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीसी मीणा ने कहा कि इलेक्ट्रिक मोबिलिटी प्रदूषण और शोर कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। ट्रायल के नतीजों से शहर के उपयुक्त रूटों पर ऐसी बसों के बड़े स्तर पर संचालन से पहले उनकी व्यवहारिक उपयोगिता और जरूरतों को समझने में मदद मिलेगी।
जुटाए गए आंकड़े
यह परीक्षण GMCBL के अधिकारियों और इंटेलिजेंट बस ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट (IBTM) प्रणाली के ऑपरेटर के समन्वय से किया जा रहा है। तीन दिनों में जुटाए गए आंकड़ों और यात्रियों के फीडबैक के आधार पर बस की बैटरी दक्षता, यात्री क्षमता, विश्वसनीयता और रूट के हिसाब से उपयुक्तता का मूल्यांकन किया जाएगा।