हरियाणा में फिर एक्टिव हुआ मानसून, 16 जिलों में बारिश का अलर्ट; घग्गर का जलस्तर बढ़ा

चंडीगढ़ | उत्तर भारत में बने नए मानसूनी तंत्र और उत्तरी हरियाणा के ऊपर बन रहे साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से प्रदेश में मानसूनी हवाएं एक बार फिर सक्रिय हो गई हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, बुधवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इससे पहले मंगलवार को पंचकूला और आसपास के क्षेत्रों में हुई भारी बारिश के कारण घग्गर समेत कई नदी- नालों का जलस्तर बढ़ गया.

Barish Mausam Rain Weather

घग्गर नदी में पानी बढ़ने से नाडा साहिब गुरुद्वारा के पास स्थित पुलिस ट्रेनिंग कैंप का पुल बह गया. वहीं श्यामटू की नदी में एक किसान फंस गया, जिसे स्थानीय लोगों ने रस्सी की मदद से सुरक्षित बाहर निकाला.

16 जिलों में बारिश की संभावना

पंचकूला के सेक्टर- 17 स्थित राजीव कॉलोनी के पास बरसाती नाले में दो युवकों के बहने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची NDRF की टीम ने एक युवक को सुरक्षित बचा लिया जबकि दूसरे की तलाश की गई. मौसम विभाग के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में 50 से 75 प्रतिशत हिस्से में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी में 25 से 50 प्रतिशत हिस्से में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं.

यह भी पढ़े -  हरियाणा BJP ने कसी कमर, SIR को लेकर विधायकों और चुनाव लड़ चुके नेताओं को टास्क

हिसार सबसे गर्म

प्रदेश में मंगलवार को औसत अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास रहा. हिसार 36.8°C के साथ सबसे गर्म जिला रहा. नारनौल में 36.0°C, रोहतक और भिवानी में 35.9°C, पलवल और फरीदाबाद में 35.8°C तथा सिरसा में 35.5°C तापमान दर्ज किया गया. बारिश वाले क्षेत्रों में तापमान कम रहा. यमुनानगर में अधिकतम तापमान 31.1°C और कुरुक्षेत्र में 32.6°C दर्ज हुआ.

यमुनानगर में रात सबसे ठंडी

प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर में 23.8°C दर्ज किया गया. भिवानी में 24.5°C, पंचकूला में 24.8°C और गुरुग्राम में 25.1°C न्यूनतम तापमान रहा. नूंह और सिरसा में रात का तापमान 28.1°C दर्ज किया गया. पिछले 24 घंटों में पंचकूला में 67.0 MM और यमुनानगर के हथनीकुंड में 53.0 MM भारी बारिश रिकॉर्ड की गई.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.