हरियाणा में कमजोर पड़ा मानसून, अगले 7 दिन बारिश से राहत; सितंबर में फिर बदलेगा मौसम

चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसूनी गतिविधियां अब धीरे- धीरे कमजोर पड़ने लगी हैं. मौसम विभाग (IMD) के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली मानसूनी हवाओं की रफ्तार कम होने के कारण अगले सप्ताह प्रदेश में भारी बारिश की संभावना कम है. मौसम में करीब 1 सप्ताह तक ब्रेक रहने के बाद सितंबर के पहले सप्ताह में मानसून के दोबारा सक्रिय होने के आसार हैं. अगस्त में अब तक हरियाणा में 257.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है, जो सामान्य से करीब 14 फीसदी कम है.

Weather Barish Mausam

पिछले 24 घंटे के दौरान कई जिलों में अच्छी बारिश हुई. 19 अगस्त को कुरुक्षेत्र में सबसे ज्यादा 84.5 MM बारिश दर्ज की गई. पंचकूला में 67.5 MM, यमुनानगर में 60 MM, फतेहाबाद में 32 MM और सोनीपत में 29.5 MM बारिश हुई.

हरियाणा मौसम अपडेट

पहाड़ी क्षेत्रों में हुई भारी बारिश का असर अंबाला कैंट में भी दिखाई दिया. मंगलवार देर रात टांगरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़कर 27,720 क्यूसेक पहुंच गया. इसके बाद आसपास की करीब 10 कॉलोनियों में तीन फीट तक पानी भर गया. हालांकि, प्रशासन ने पहले ही लोगों को अलर्ट कर दिया था. बुधवार सुबह पानी का स्तर कम होना शुरू हो गया. पंचकूला के मोरनी हिल्स क्षेत्र में भारी बारिश के बाद लैंडस्लाइड हुआ. इससे कई मकानों पर खतरा मंडरा रहा है. ग्रामीणों ने प्रशासन से सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है. वहीं, पंचकूला में घग्गर नदी का जलस्तर भी बढ़ा हुआ है और नदी तेज बहाव के साथ बह रही है.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में आमजन को मिली राहत, इन सरकारी कार्यों में आधार कार्ड की जरूरत हुई खत्म

युवक की मौत

सोनीपत के कबीरपुर में बारिश के दौरान मकान में करंट उतरने से 30 वर्षीय आकाश की मौत हो गई. बुधवार सुबह वह लोहे की सीढ़ियों से छत पर जा रहा था, तभी करंट की चपेट में आ गया. उसे बचाने की कोशिश में परिवार के सदस्यों को भी करंट के झटके लगे. तेज बारिश के कारण पानीपत और फरीदाबाद के कई प्रमुख मार्गों और निचले इलाकों में जलभराव हो गया. सुबह के समय सड़कों पर पानी जमा होने से वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

ट्रैक पर गिरा मलबा

कालका- शिमला रेलखंड पर बुधवार दोपहर करीब 3:15 बजे गुम्मन और कोटी स्टेशन के बीच पहाड़ी से भारी मलबा ट्रैक पर आ गिरा. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए ट्रेन संख्या 52458 कालका-शिमला एक्सप्रेस को कोटी स्टेशन पर रोक दिया गया. ट्रेन में 172 यात्री सवार थे. यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए रेलवे ने स्थानीय सेना अधिकारियों से मदद मांगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.