गुरुग्राम | राजीव चौक पर लगातार बढ़ते यातायात दबाव और जाम की समस्या से आने वाले समय में राहत मिलने की उम्मीद है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने यहां फ्लाईओवर के निर्माण के लिए अलाइनमेंट को मंजूरी दे दी है. दिल्ली से सोहना और सोहना से दिल्ली जाने वाले वाहनों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए दोनों दिशाओं में सर्विस रोड से एलिवेटेड कारिडोर विकसित किए जाएंगे. परियोजना के लिए मार्च 2027 तक टेंडर जारी किए जाने की संभावना है. हरियाणा सरकार के शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी की अध्यक्षता में हुई जिला समन्वय समिति की 12वीं बैठक में NHAI अधिकारियों ने परियोजना की जानकारी दी.

अधिकारियों के मुताबिक फ्लाईओवर बनने के बाद दिल्ली और सोहना के बीच आने- जाने वाले वाहनों को राजीव चौक पर कम रुकना पड़ेगा. इससे जाम कम होने के साथ यातायात की रफ्तार भी बेहतर होगी.
सुलझेगा मामला
परियोजना से जुड़ी दूरसंचार विभाग की जमीन का मामला फिलहाल सुलझाया जा रहा है. इसके निपटारे के बाद निविदा प्रक्रिया आगे बढ़ेगी. लक्ष्य मार्च 2027 तक फ्लाईओवर के निर्माण का टेंडर जारी करने का है. NHAI ने राजीव चौक पर मौजूदा गैर-मोटर चालित परिवहन सुविधा को बंद करने का प्रस्ताव भी रखा है. अधिकारियों के अनुसार इसका पर्याप्त उपयोग नहीं हो रहा है और बारिश के दौरान यहां जलभराव की समस्या रहती है. यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए इसे हटाकर इसकी जगह सड़क में मिलाने की योजना है. इससे दोनों ओर सड़क की चौड़ाई बढ़ाई जा सकेगी.
NMT हटाने का प्रस्ताव
बैठक में शहर की वायु गुणवत्ता की निगरानी बढ़ाने पर भी चर्चा हुई. गुरुग्राम में फिलहाल चार वायु गुणवत्ता निगरानी केंद्र चल रहे हैं. छह नए केंद्र दिसंबर 2026 तक शुरू करने का लक्ष्य है. ये महाराणा प्रताप स्वर्ण जयंती पार्क, सेक्टर- 29, बसई जल शोधन संयंत्र, ताऊ देवी लाल पार्क सेक्टर-22, एसजीटी विश्वविद्यालय, केआर मंगलम विश्वविद्यालय और स्टारेक्स विश्वविद्यालय में स्थापित किए जाएंगे.
पहुंचेगा शोधित पानी
बहरामपुर सीवेज शोधन संयंत्र से मिलने वाले शोधित पानी के पुन: उपयोग की भी समीक्षा हुई. टिकली और गैरतपुर बास तक पाइपलाइन से शोधित पानी पहुंचाया जा रहा है. इससे टिकली के तीन और गैरतपुर बास के 11 तालाबों को पानी मिलेगा. कुल 14 तालाबों के पुनर्जीवन में इसका उपयोग होगा. पीटीसी भोंडसी के करीब 500 एकड़ क्षेत्र को भी शोधित पानी की आपूर्ति से जोड़ा गया है.
द्वारका एक्सप्रेसवे से पटौदी की प्रस्तावित सड़क कनेक्टिविटी की भी समीक्षा हुई. उमंग भारद्वाज चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक सड़क तैयार है. वहीं द्वारका एक्सप्रेसवे से कुंडली- मानेसर- पलवल एक्सप्रेसवे तक का हिस्सा सितंबर 2026 के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
बढ़ेगी हरियाली
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद नगर निगम को वापस मिली 436 बीघा जमीन का इस्तेमाल हरियाली बढ़ाने के लिए करने के निर्देश दिए गए. यह जमीन गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड के दोनों ओर प्राकृतिक संरक्षण क्षेत्र में आती है. बैठक में निर्माण एवं विध्वंस कचरे के प्रबंधन की भी समीक्षा हुई. नगर निगम आयुक्त प्रदीप दहिया ने बताया कि पिछले एक माह में शहर के अलग- अलग हिस्सों से 32,740 मीट्रिक टन निर्माण एवं विध्वंस कचरा उठाया गया. अधिकारियों को ग्रीन बेल्ट से मलबा हटाकर दोबारा विकसित करने और रात में अवैध रूप से मलबा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए.