कुरुक्षेत्र | हरियाणा के विद्यार्थियों को अब शहरों में चलने वाली एसी ई- बसों में सफर के लिए अलग से पैसे खर्च नहीं करने पड़ेंगे. हरियाणा सिटी बस सर्विसेज लिमिटेड (HCBSL) ने हरियाणा रोडवेज के वैध स्टूडेंट बस पास को अपनी इलेक्ट्रिक बसों में भी मान्यता देने का फैसला किया है. ऐसे मे जिन विद्यार्थियों के पास वैध स्टूडेंट बस पास है, वे एचसीबीएसएल की वातानुकूलित ई- बसों में मुफ्त यात्रा कर सकेंगे.

सीएम नायब सिंह सैनी ने पानीपत में इसकी घोषणा की थी. अब इस घोषणा को अमलीजामा पहनाते हुए एचसीबीएसएल के स्तर पर जरूरी मंजूरी भी दे दी गई है. बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की स्वीकृति के बाद मुख्य परिचालन अधिकारी ने प्रदेश के विभिन्न डिपो को लिखित आदेश जारी कर दिए हैं.
आ रही थी परेशानी
ई- बसों में रोडवेज का सामान्य स्टूडेंट पास स्वीकार नहीं किए जाने के कारण विद्यार्थियों को काफी समय से दिक्कत हो रही थी. उन्हें रोजाना आने- जाने के लिए अलग से किराया देना पड़ता था. इस समस्या को दैनिक भास्कर ने प्रमुखता से उठाया था. इसके बाद विद्यार्थियों को ई-बस सेवा से जोड़ने की दिशा में यह निर्णय लिया गया है. नई व्यवस्था लागू होने के बाद छात्र-छात्राओं को अपने वैध हरियाणा रोडवेज स्टूडेंट बस पास के आधार पर ई- बस में यात्रा की सुविधा मिलेगी. इससे नियमित रूप से बस से स्कूल, कॉलेज या अन्य शिक्षण संस्थानों तक जाने वाले विद्यार्थियों को सीधा फायदा होगा.
कुरुक्षेत्र में पास जारी
कुरुक्षेत्र जिले में रोडवेज विभाग की ओर से विद्यार्थियों के 20 हजार से ज्यादा बस पास बनाए गए हैं. ऐसे में जिले के हजारों विद्यार्थियों को ई- बसों में मुफ्त सफर की सुविधा मिलने की उम्मीद है. हालांकि, जिला रोडवेज प्रशासन के पास एचसीबीएसएल की ओर से जारी आदेश अभी तक नहीं पहुंचे हैं. स्थानीय स्तर पर आदेश प्राप्त होने के बाद नई व्यवस्था के अनुसार विद्यार्थियों को इसका लाभ दिया जाएगा.