नई दिल्ली | सोने की बात होते ही आमतौर पर गहनों या छोटे गोल्ड बार का ख्याल आता है लेकिन ऑस्ट्रेलिया में तैयार की गई एक विशाल गोल्ड बार ने सोने को लेकर कल्पना ही बदल दी है. इसका वजन इतना ज्यादा है कि इसे अकेले उठाना तो दूर, सामान्य तरीके से खिसकाना भी मुश्किल है. 521.2 किलोग्राम यानी करीब 1,149 पाउंड वजन वाली इस गोल्ड बार ने दुनिया की सबसे बड़ी गोल्ड बार का रिकॉर्ड अपने नाम किया है. ऑस्ट्रेलिया की प्रसिद्ध The Perth Mint ने इस विशाल गोल्ड बार को तैयार किया है.
इसका वीडियो Guinness World Records ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया, जिसके बाद यह लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. इतनी बड़ी मात्रा में सोने को एक ही बार के रूप में ढालना अपने आप में बेहद असाधारण उपलब्धि है.
कुल वजन से भी ज्यादा
521.2 किलो का वजन सुनकर ही इसकी विशालता का अंदाजा लगाया जा सकता है. Guinness World Records के मुताबिक, इस गोल्ड बार का वजन करीब आठ पुरुषों के संयुक्त वजन से भी अधिक है. इसे संभालने के लिए सामान्य इंसानी ताकत पर्याप्त नहीं है. इसके लिए विशेष मशीनों और सुरक्षित व्यवस्था की जरूरत पड़ती है. इस रिकॉर्ड को बनाने के पीछे ऑस्ट्रेलिया की कई गोल्ड माइनिंग कंपनियों का योगदान रहा.
View this post on Instagram
जानकारी के अनुसार, कुल नौ कंपनियों ने इस पहल के लिए सोना उपलब्ध कराया था. इनमें पश्चिमी ऑस्ट्रेलिया की सात कंपनियां भी शामिल थीं. 521.2 किलो की इस गोल्ड बार के पीछे कई कंपनियों का सामूहिक योगदान रहा.
तैयार की गई विशाल ईंट
सैकड़ों किलो सोने को एक जगह इकट्ठा करना और फिर उसे पिघलाकर निश्चित आकार में ढालना बेहद जटिल प्रक्रिया है. इतनी बड़ी गोल्ड बार तैयार करते समय सोने को नियंत्रित परिस्थितियों में संभालना पड़ता है. इसकी खासियत सिर्फ इसमें मौजूद सोने की मात्रा नहीं, बल्कि इसका विशाल आकार भी है. इतनी कीमती गोल्ड बार को देखकर शायद लगे कि इसे किसी सुरक्षित तिजोरी में रखा जाएगा. लेकिन इसे लोगों की नजरों से दूर नहीं रखा जाएगा. दुनिया की सबसे बड़ी गोल्ड बार को The Perth Mint में प्रदर्शित किया जाएगा. यहां आने वाले लोग 521.2 किलो की इस विशाल सोने की ईंट को करीब से देख सकेंगे.
