हरियाणा में फिर बदला मौसम का मिजाज, 13 जिलों में पारा 35 के पार; जानें कब लौटेगा मानसून

चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून की रफ्तार कमजोर पड़ते ही मौसम ने फिर करवट ली है. बारिश थमने के बाद कई इलाकों में तेज धूप और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. प्रदेश के 13 जिलों में दिन का तापमान 35°C से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि हिसार और भिवानी में पारा 37°C के पार पहुंच गया. भारत मौसम विज्ञान केंद्र चंडीगढ़ (IMD) के मुताबिक, मानसून ट्रफ रेखा के हिमालय की तराई की ओर खिसकने से राज्य में बारिश की गतिविधियां फिलहाल कमजोर हो गई हैं.

Barish Mausam Rain Weather 1

शनिवार को हिसार 38.7°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा. कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU, हिसार) के अनुसार 31 अगस्त तक मौसम मुख्य रूप से परिवर्तनशील रहेगा और मानसून की गतिविधियां कमजोर बनी रहेंगी.

1 सितंबर से फिर सक्रिय होगा मानसून

मौसम विभाग के अनुसार 1 से 3 सितंबर के बीच हरियाणा के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है. 1 सितंबर से हवाओं के रुख में बदलाव के कारण दक्षिणी, पूर्वी और मध्य हरियाणा में कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है. वहीं 2 सितंबर को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है. इससे तापमान में भी गिरावट आ सकती है. मानसून ब्रेक के बीच प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.2°C की वृद्धि हुई और यह सामान्य से 1.7°C अधिक रहा.

यह भी पढ़े -  हरियाणा में मानसून सुस्त, बढ़ी गर्मी और उमस; हिसार में 38.7°C पहुंचा पारा

हिसार के बाद भिवानी में 38.0°C दर्ज किया गया. महेंद्रगढ़ और रोहतक में 36.9°C, फरीदाबाद में 36.7°C, चरखी दादरी में 36.5°C, सिरसा में 36.4°C, नूंह में 36.3°C और पलवल में 36.2°C तापमान रहा. सबसे कम अधिकतम तापमान कैथल में 32.9°C और करनाल में 33.1°C दर्ज हुआ.

भिवानी की रात रही सबसे ठंडी

औसत न्यूनतम तापमान में 0.3°C की गिरावट आई. हालांकि, यह सामान्य के आसपास बना रहा. भिवानी में न्यूनतम तापमान 24.5°C रहा. अंबाला में रात का तापमान 28.5°C दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.8°C ज्यादा था. हिसार और करनाल में 26.2°C, रोहतक में 26.8°C, नारनौल में 27.5°C, गुरुग्राम में 27.2°C और नूंह में 27.8°C रिकॉर्ड किया गया.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.