झज्जर | गांव जहांगीरपुर में आयोजित कांग्रेस के जिलास्तरीय कार्यक्रम में पूर्व सांसद बृजेन्द्र सिंह ने पार्टी संगठन और भाजपा की राजनीति को लेकर अपनी बात रखी. कांग्रेस नेताओं की कार्यक्रम से दूरी पर सवाल पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि पार्टी की आदतों में बदलाव एक दिन में नहीं आएगा. इसके लिए अभी समय लगेगा. बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी में बदलाव की प्रक्रिया जारी है और हर व्यक्ति का अपना नजरिया होता है.
उन्होंने कार्यकर्ताओं से साफ कहा कि कांग्रेस को यह नहीं सोचना चाहिए कि उसकी लड़ाई आपस में है. कांग्रेस की वास्तविक राजनीतिक लड़ाई भाजपा से है और अब यह निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है. उन्होंने संगठन को मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होने की अपील की.
खत्म होने का दावा
पूर्व सांसद ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस के खिलाफ जिस तरह की पर्दागिरी की जा रही थी, वह अब खत्म हो गई है. उनके मुताबिक देश में धीरे-धीरे कांग्रेस के पक्ष में माहौल बन रहा है. उन्होंने कहा कि युवाओं ने भी संकेत दे दिया है कि अब पहले जैसी दादागिरी नहीं चलेगी. बृजेन्द्र सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि सत्ताधारी दल इस समय बौखलाहट में है. उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों से पहले विपक्ष से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को नजरबंद किया जा रहा है. उनके अनुसार इस तरह की कार्रवाई लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए ठीक नहीं है.
छोटा दिखाने की कोशिश
राहुल गांधी का जिक्र करते हुए बृजेन्द्र सिंह ने कहा कि भाजपा लंबे समय तक उन्हें छोटा दिखाने की कोशिश करती रही, लेकिन अब परिस्थितियां बदल रही हैं. उन्होंने दावा किया कि देश का माहौल राहुल गांधी के पक्ष में बन रहा है और लोगों का रुझान कांग्रेस की ओर बढ़ रहा है. पूर्व सांसद ने यह भी दावा किया कि भाजपा सरकार अब अपने अंतिम पड़ाव में है और आने वाले समय में जनता के बदलते रुख का असर राजनीति में दिखाई देगा.
