गुरुग्राम | हरियाणा के गुरुग्राम में बढ़ते शहरी विस्तार के साथ अब मेट्रो नेटवर्क को भी सोहना तक ले जाने की तैयारी शुरू हो गई है. अभी तक गुड़गांव रेलवे स्टेशन से भोंडसी तक मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने की योजना थी लेकिन सोहना क्षेत्र में तेजी से बढ़ती आबादी और लगातार सामने आ रही कनेक्टिविटी की मांग को देखते हुए इसे आइएमटी सोहना तक विस्तार देने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. हरियाणा मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एचएमआरटीएस) ने इस दिशा में प्रस्ताव पर काम शुरू कर दिया है.
सरकार की मंजूरी मिलने के बाद कॉरिडोर की फिजिबिलिटी और तकनीकी पहलुओं का अध्ययन कराया जाएगा. रिपोर्ट के आधार पर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
प्रस्ताव अमल में आता है तो पुराने गुरुग्राम से सोहना के बीच सीधी मेट्रो सुविधा उपलब्ध हो सकेगी. संभावित रूट में सदर बाजार, जेल रोड और राजीव चौक जैसे प्रमुख इलाके शामिल होंगे. इसके बाद कॉरिडोर गुरुग्राम-सोहना हाईवे की दिशा में आगे बढ़ेगा. राजीव चौक से आगे मेट्रो को किस तरह विकसित किया जाए, इसका फैसला तकनीकी अध्ययन के बाद होगा. सर्विस लेन के ऊपर एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाए या किसी हिस्से में भूमिगत लाइन उपयोगी रहेगी, इसका निर्धारण फिजिबिलिटी रिपोर्ट में किया जाएगा.
तेजी से बढ़ी आबादी
गुरुग्राम का शहरी विस्तार पिछले कुछ वर्षों में सोहना की तरफ तेजी से हुआ है. गुरुग्राम-सोहना हाईवे के दोनों ओर नई आवासीय सोसायटियां, व्यावसायिक परियोजनाएं और अन्य सुविधाएं विकसित हुई हैं. इसके साथ ही नए सेक्टरों में आबादी बढ़ी है और बड़ी संख्या में लोग रोजाना गुरुग्राम की ओर आवागमन करते हैं. फिलहाल, इस क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन मुख्य रूप से सड़क पर निर्भर है. निजी वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण पीक आवर में गुरुग्राम- सोहना हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव भी बढ़ जाता है. मेट्रो शुरू होने पर लोगों को सड़क परिवहन के अलावा तेज और नियमित सार्वजनिक परिवहन का विकल्प मिल सकेगा.
मेट्रो नेटवर्क से जुड़ेगा
प्रस्तावित सोहना कॉरिडोर को पुराने गुरुग्राम में विकसित किए जा रहे मेट्रो नेटवर्क से जोड़ने की योजना है. सेक्टर-पांच स्टेशन से गुड़गांव रेलवे स्टेशन को जोड़ा जाएगा. इसके बाद रेलवे स्टेशन से सोहना की ओर जाने वाला कॉरिडोर विकसित किया जा सकता है. गुड़गांव रेलवे स्टेशन के पास इंटरचेंज की सुविधा प्रस्तावित है. इससे यात्रियों को एक कॉरिडोर से दूसरे पर जाने के लिए स्टेशन से बाहर निकलने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
पुराने गुरुग्राम में प्रस्तावित 28.5 किलोमीटर के मेट्रो कॉरिडोर में मिलेनियम सिटी सेंटर गुरुग्राम से सेक्टर- 45, साइबर पार्क, सेक्टर- 47, सुभाष चौक, सेक्टर- 48, सेक्टर- 72ए, हीरो होंडा चौक, सेक्टर- 10, सेक्टर- 37, बसई, सेक्टर- 9, सेक्टर- 7, सेक्टर- 4, सेक्टर- 5, अशोक विहार, सेक्टर- 3, बजघेड़ा रोड, पालम विहार एक्सटेंशन, पालम विहार, सेक्टर- 23ए, सेक्टर- 22, उद्योग विहार और साइबर हब के आसपास के क्षेत्र को जोड़ने का प्रस्ताव है. सेक्टर- 9 तक पहले फेज का काम तेजी से चल रहा है.
CM नायब सिंह सैनी चाहते हैं कि गुरुग्राम के ज्यादा से ज्यादा इलाके मेट्रो नेटवर्क से जुड़ें. इसी को ध्यान में रखते हुए गुड़गांव रेलवे स्टेशन से आइएमटी सोहना तक कॉरिडोर का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है. पहले योजना भोंडसी तक थी, लेकिन लोगों की मांग को देखते हुए मैंने मुख्यमंत्री से आइएमटी सोहना तक विस्तार की चर्चा की थी. इससे पुराने और नए गुरुग्राम के कई हिस्सों में ट्रैफिक का दबाव कम करने में मदद मिलेगी- मुकेश शर्मा, विधायक, गुड़गांव
