चंडीगढ़ | हरियाणा में कमजोर पड़ा मानसून (Haryana Weather) अगले दो दिनों में फिर सक्रिय होने के आसार हैं. मौसम विभाग के अनुसार, 4 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण- पूर्वी हिस्सों में बारिश का प्रभाव ज्यादा रहेगा. इसके बाद 5 सितंबर को बारिश का दायरा मध्य और दक्षिणी हरियाणा तक फैल सकता है. आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और पलवल में बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, 5 सितंबर को झज्जर, गुरुग्राम, नूंह और रेवाड़ी समेत 14 जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है.
पश्चिमी हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और जींद में दोनों दिन बारिश का असर कम रहने का अनुमान है. IMD के आंकड़ों के मुताबिक, 1 जून से 3 सितंबर तक राज्य में 283.3 MM बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 364.6 MM होनी चाहिए थी. इस हिसाब से प्रदेश में अब तक 22% कम बारिश दर्ज की गई है.
रेड जोन में 7 जिले
मानसून सीजन में कम बारिश के चलते प्रदेश के 7 जिले रेड जोन में हैं. सिरसा में 53% कम, जींद में 56% कम और कैथल में 50% कम बारिश हुई है. अंबाला में भी बारिश सामान्य से 50% कम रही. इसके अलावा रोहतक में 45%, करनाल में 43% और पंचकूला में 30% कम बारिश दर्ज की गई है. गुरुवार को भिवानी 36.5°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. हिसार में अधिकतम तापमान 35.9°C, सिरसा में 36.0°C और अंबाला में 34.0°C दर्ज किया गया. पानीपत और रोहतक में तापमान 34.5°C रहा. गुरुग्राम और फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 32.8°C से 33.5°C के बीच रहा.
रात के तापमान में गिरावट
पिछले सप्ताह प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री ज्यादा रहा. अंबाला में 27.3°C, हिसार में 26.1°C और करनाल में 26.2°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ. बारिश और बादलों की वजह से 4 और 5 सितंबर को रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है. इससे उमस भरी गर्मी से भी कुछ राहत मिल सकती है.
