गुरुग्राम | श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर गुरुग्राम में सुबह से ही भक्तिमय माहौल बना हुआ है. शहर के छोटे-बड़े मंदिरों को फूलों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक झांकियों से सजाया गया है. भगवान कृष्ण के बाल स्वरूप लड्डू गोपाल के दर्शन के लिए श्रद्धालु रात से ही मंदिरों में पहुंचने लगे थे. सुबह तक कई मंदिरों में भारी भीड़ जमा हो गई. मंदिर परिसरों में लगातार भजन- कीर्तन चल रहे हैं. ‘हाथी घोड़ा पालकी, जय कन्हैया लाल की’ और ‘हरे कृष्णा हरे रामा’ के जयघोष से शहर का माहौल कृष्णमय नजर आ रहा है.
बादशाहपुर स्थित इस्कॉन टेम्पल में अलसुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं. यहां राधा-कृष्ण का विशेष श्रृंगार किया गया है. जन्माष्टमी के मुख्य आयोजन और मध्यरात्रि की महाआरती को लेकर भी मंदिर प्रबंधन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं.
की गई सजावट
सदर बाजार के सिद्धेश्वर मंदिर, प्रेम मंदिर, गीता भवन, पालम विहार समेत विभिन्न सोसायटियों के मंदिरों में भी विशेष सजावट की गई है. इस बार कई मंदिरों में कृष्ण जन्म, माखन चोरी और कंस वध से जुड़ी लीलाओं को सजीव और डिजिटल झांकियों के जरिए दिखाया जा रहा है. इन झांकियों को देखने के लिए बच्चों के साथ बड़े भी पहुंच रहे हैं. व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए फलाहारी प्रसाद और पंचामृत की व्यवस्था भी की गई है.
This Janmashtami, let patience and safety guide your celebrations. Just as you await the perfect moment for the Dahi Handi, wait for the green light at intersections.
Gurugram Traffic Police wishes you a safe and prosperous Krishna Janmashtami. #Janmashtami #GurugramPolice pic.twitter.com/uqE7byAhxA— Gurugram Traffic Police (@TrafficGGM) September 4, 2026
पुलिस ने संभाली ट्रैफिक व्यवस्था
भारी भीड़ को देखते हुए मंदिरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है. बादशाहपुर इस्कॉन टेम्पल में थाना प्रभारी राजेश बागड़ी पुलिस बल के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे. उन्होंने प्रवेश और निकास द्वारों के साथ पूरे परिसर का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए. भीड़ और संभावित जाम को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने प्रमुख मार्गों पर रूट डायवर्जन और अतिरिक्त बैरिकेडिंग की है. मंदिरों के आसपास सीसीटीवी निगरानी के साथ सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती भी की गई है.
