दिल्ली वालों के लिए बड़ी राहत, नवादा मेट्रो के नीचे सीवर लाइन की मरम्मत पूरी; 15 दिन में खुल सकती है सड़क

नई दिल्ली | नजफगढ़- उत्तम नगर मुख्य सड़क से रोजाना गुजरने वाले लाखों लोगों को जल्द बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है. नवादा मेट्रो स्टेशन के नीचे धंसी सीवर लाइन की मरम्मत का काम अब लगभग पूरा हो चुका है. सड़क पर मिट्टी भरकर जमीन को समतल किया जा रहा है और इसके बाद पक्की सड़क बनाने का काम पूरा किया जाएगा. उत्तम नगर विधायक पवन शर्मा के मुताबिक आगामी 15 दिनों में इस मार्ग को पूरी तरह यातायात के लिए खोलने की उम्मीद है.

City Shahar Town

नवादा मेट्रो स्टेशन के नीचे सीवर लाइन क्षतिग्रस्त होने के बाद 20 मई से यह महत्वपूर्ण मार्ग प्रभावित है. दिल्ली जल बोर्ड ने डीप सीवर लाइन की मरम्मत के लिए ट्रेंचलेस टेक्नोलाजी का इस्तेमाल किया. सीवर से जुड़ा मुख्य काम पूरा हो चुका है और अब सड़क को दोबारा तैयार करने पर फोकस है.

जाम से छूटकारा

खुदाई वाले हिस्से में मिट्टी डालने के बाद रोलर से जमीन को समतल किया जा रहा है. इसके बाद सड़क की पक्की सतह तैयार होगी. नजफगढ़-उत्तम नगर रोड पश्चिमी दिल्ली के प्रमुख मार्गों में शामिल है. यह नजफगढ़ के दर्जनों गांवों और आसपास की आबादी को दिल्ली के शहरी और व्यावसायिक इलाकों से जोड़ता है. सड़क बंद होने के कारण पिछले डेढ़ महीने से यात्रियों, स्कूली बच्चों और व्यापारिक वाहनों को जाम का सामना करना पड़ रहा है.

यह भी पढ़े -  सड़क हादसे में ब्रेन डेड हुआ 27 वर्षीय युवक, परिवार ने किया अंगदान; दो सैनिकों को मिली नई जिंदगी

दो लेन से निकल रहे हल्के वाहन

यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए उत्तम नगर से द्वारका मोड़ की तरफ करीब 100 मीटर हिस्से को दो लेन में बदला गया है. यहां से कार, आटो और बाइक जैसे हल्के वाहन धीमी रफ्तार में गुजर रहे हैं. सड़क का काम पूरा होने के बाद यातायात सामान्य होने की उम्मीद है. यात्री नीरज ने बताया कि पिछले डेढ़ महीने से रोजाना नवादा मेट्रो स्टेशन के पास लंबे समय तक जाम में फंसना पड़ता था. इससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी होती थी. वहीं पवन के मुताबिक नजफगढ़ से उत्तम नगर बस से जाने में काफी समय लग रहा था और करीब 100 मीटर का हिस्सा पार करने में आधे घंटे तक लग जाता था. अब काम अंतिम चरण में देखकर जल्द रास्ता खुलने की उम्मीद है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.