चंडीगढ़ | हरियाणा सरकार ने राज्य के 7 बेहतरीन खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में नियुक्ति देने का फैसला किया है. सुप्रीम कोर्ट और पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के अनुपालन में इन खिलाड़ियों को HCS (एग्जीक्यूटिव ब्रांच) और HPS के पद दिए जाएंगे. सरकार का यह फैसला पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 18 अप्रैल 2022 के फैसले और सुप्रीम कोर्ट के 29 मई 2026 के आदेश के बाद आया है. सरकार ने मुख्य सचिव की सेवाएं-II शाखा और गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को इन खिलाड़ियों के नियुक्ति पत्र जल्द जारी करने के निर्देश दिए हैं.
मुख्यमंत्री की मंजूरी के बाद मानव संसाधन विभाग ने 2 सितंबर 2026 को नियुक्ति से जुड़े आधिकारिक आदेश जारी कर दिए. यह फैसला हरियाणा आउटस्टैंडिंग स्पोर्ट्सपर्सन रूल्स, 2018 के तहत लिया गया है. इनमें 6 खिलाड़ियों को HCS और एक खिलाड़ी को HPS पद पर नियुक्ति मिलेगी.
अधिकारी पद पर नियुक्ति
- अंकुर मित्तल (शूटिंग): 2018 ISSF वर्ल्ड चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत चुके अंकुर को HCS पद मिलेगा. उन्हें 2018 नियमों के तहत 4 साल की सीनियरिटी भी दी जाएगी.
- अभिषेक वर्मा (शूटिंग): 2018 एशियन गेम्स में कांस्य और वर्ल्ड चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने वाले अभिषेक को HCS बनाया जाएगा.
- हरविंदर सिंह (पैरा आर्चरी): 2018 एशियन पैरा गेम्स के गोल्ड मेडलिस्ट हरविंदर सिंह को HCS पद दिया गया है.
- तरुण ढिल्लों (पैरा बैडमिंटन): 2018 एशियन पैरा गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने वाले तरुण को HCS नियुक्ति मिलेगी.
- एकता भ्यान (पैरा एथलेटिक्स): 2018 एशियन पैरा गेम्स की गोल्ड मेडलिस्ट एकता को HCS पद दिया गया है.
- अमित कुमार (पैरा एथलेटिक्स): 2014 एशियन पैरा गेम्स में गोल्ड मेडल जीतने वाले अमित कुमार को भी HCS बनाया जाएगा.
- मनजीत सिंह (एथलेटिक्स): 2018 एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता मनजीत सिंह को HPS (हरियाणा पुलिस सेवा) में नियुक्ति दी जाएगी.
