हिसार | हरियाणा में मानसून एक बार फिर सक्रिय नजर आ रहा है. पिछले 24 घंटे में प्रदेश के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार, यमुनानगर के हथिनीकुंड बैराज क्षेत्र में 57.5 मिमी, गुरुग्राम में 51.5 मिमी और पंचकूला में 50.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इन इलाकों में 2 इंच से ज्यादा पानी बरसने के कारण कई जगह जलभराव हुआ और लोगों को दिनभर ट्रैफिक जाम से जूझना पड़ा.
मौसम विभाग ने आज यमुनानगर और आसपास के इलाकों में तेज बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा पंचकूला, अंबाला, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है.
हरियाणा मौसम अपडेट
कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के मुताबिक, प्रदेश के उत्तरी और दक्षिणी हिस्सों में बादलवाही के साथ तेज हवाएं और बारिश का दौर जारी रह सकता है. इससे दिन के तापमान में थोड़ी गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो सकती है.
किसानों को सलाह दी गई है कि बारिश रुकने तक फसलों में सिंचाई और कीटनाशक का छिड़काव न करें. खेतों में पानी जमा न हो, इसके लिए जल निकासी की व्यवस्था भी रखें. 8 सितंबर के बाद मानसून की सक्रियता कम होने के संकेत हैं.
तापमान में गिरावट
शनिवार को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 1.6°C की गिरावट दर्ज की गई. यह सामान्य से 1.7°C कम रहा. सिरसा में सबसे अधिक 35.2°C तापमान रिकॉर्ड हुआ. बारिश के कारण गुरुग्राम में 27.0°C, नूंह में 27.4°C, रेवाड़ी में 26.5°C और फरीदाबाद में 29.2°C तापमान रहा. अंबाला में 32.4°C, हिसार में 34.3°C और करनाल में 30.5°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
पंचकूला की रात सबसे ठंडी
प्रदेश में औसत न्यूनतम तापमान में 0.8°C की गिरावट आई. पंचकूला में सबसे कम 23.7°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ. नारनौल में 24.0°C, महेंद्रगढ़ और बावल में 24.9°C, अंबाला में 25.1°C, गुरुग्राम में 25.2°C और करनाल में 25.3°C तापमान रहा. रोहतक में 25.8°C, हिसार में 26.0°C, भिवानी में 25.0°C, सिरसा में 26.2°C और नूंह में 26.8°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.
