झज्जर के मनोज ओहल्यान फिर बने भारतीय 50 मीटर राइफल टीम के हेड कोच, एशियन गेम्स में पदकों का लक्ष्य

झज्जर | अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और भीम अवॉर्डी मनोज कुमार ओहल्यान को आगामी एशियन गेम्स के लिए भारतीय 50 मीटर राइफल टीम का दोबारा हेड कोच नियुक्त किया गया है. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद गांव मोर्खेड़ी निवासी मनोज कुमार सबसे पहले अपनी कुलदेवी मां भीमेश्वरी देवी का आशीर्वाद लेने बेरी पहुंचे. उन्होंने मंदिर में पूजा- अर्चना कर परिवार की खुशहाली और समृद्धि की कामना की.

Manoj Ohlyan Jhajjar

मंदिर से बाहर आने के बाद मनोज कुमार ने मीडिया से बातचीत में कहा कि मां बेरी वाली यानी मां भीमेश्वरी देवी उनकी कुलदेवी हैं. जब भी समय मिलता है, वे माता के दरबार में हाजिरी लगाने पहुंचते हैं. नई जिम्मेदारी मिलने के बाद भी उन्होंने सबसे पहले माता का आशीर्वाद लिया.

पदक जीतने का लक्ष्य

मनोज कुमार ने कहा कि आगामी एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है. टीम का प्रयास रहेगा कि पिछले प्रदर्शन में सुधार करते हुए देश के लिए अधिक से अधिक पदक जीते जाएं. यह पहली बार नहीं है जब उन्हें 50 मीटर राइफल टीम की कमान सौंपी गई है. 2023 के हांगझोऊ एशियन गेम्स में भी मनोज कुमार इसी टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं.

देश को दिला चुके हैं स्वर्ण

कोच बनने से पहले मनोज कुमार खुद अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज रहे हैं. वर्ष 2005 में गगन नारंग के साथ भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता था. 2006 की एशियन चैंपियनशिप में भी उन्होंने गगन नारंग और ओलिंपिक चैंपियन अभिनव बिंद्रा के साथ भारतीय टीम के लिए पदक जीतने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. निशानेबाजी में उनके योगदान को देखते हुए हरियाणा सरकार ने उन्हें प्रतिष्ठित भीम अवॉर्ड से सम्मानित किया.

यह भी पढ़े -  हरियाणा के 7 खिलाड़ियों की चमकी किस्मत, अब बनेंगे HCS और HPS अधिकारी; सरकार ने जारी किए आदेश

खेल उपलब्धियों के आधार पर मनोज कुमार को सरकार की ओर से पुलिस इंस्पेक्टर के पद का ऑफर भी मिला था. हालांकि उन्होंने सरकारी नौकरी के बजाय निशानेबाजी में नई प्रतिभाओं को तैयार करने का फैसला किया. 2014 से 2019 तक वे भारतीय निशानेबाजी टीम के कोच रहे. इसके बाद 2019 से लगातार भारतीय टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं.

भारतीय निशानेबाजों ने जीते थे 5 पदक

2023 हांगझोऊ एशियन गेम्स में मनोज कुमार के मार्गदर्शन में भारतीय निशानेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था. 50 मीटर राइफल वर्ग में भारत ने कुल 5 पदक जीते. इनमें सिफ्ट कौर समरा का विश्व रिकॉर्ड के साथ व्यक्तिगत स्वर्ण, पुरुष टीम का स्वर्ण, ऐश्वर्य प्रताप सिंह तोमर का व्यक्तिगत रजत, महिला टीम का रजत और आशी चौकसी का व्यक्तिगत कांस्य शामिल था. मनोज कुमार के नेतृत्व में 2023 विश्व निशानेबाजी चैंपियनशिप में भारतीय पुरुष 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन टीम ने स्वर्ण पदक जीता था. इस जीत के साथ टीम विश्व चैंपियन बनी थी.

मनोज कुमार ने कहा कि National Rifle Association of India और भारतीय खेल प्राधिकरण ने जिस भरोसे के साथ उन्हें दोबारा जिम्मेदारी दी है, वे उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उनका लक्ष्य आगामी एशियन गेम्स में भारतीय निशानेबाजों को पिछले प्रदर्शन से आगे ले जाना और देश के खाते में ज्यादा से ज्यादा पदक जोड़ना है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.