नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रतिष्ठित श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के शताब्दी समारोह में शामिल होने पहुंचे. खास बात यह रही कि कार्यक्रम में पहुंचने के लिए उन्होंने दिल्ली मेट्रो का सफर किया. यात्रा के दौरान पीएम मोदी यात्रियों से बातचीत करते भी नजर आए. शिक्षक दिवस के मौके पर आयोजित इस समारोह में प्रधानमंत्री ने कॉलेज की 100 साल की शैक्षणिक यात्रा और देश के अलग- अलग क्षेत्रों में नेतृत्व तैयार करने में संस्थान की भूमिका को रेखांकित किया. कार्यक्रम में पहुंचने से पहले उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी SRCC के शताब्दी समारोह में शामिल होने की जानकारी शेयर की.
SRCC के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने इसी साल अप्रैल में अपने आधिकारिक आवास पर कॉलेज के शासी मंडल और प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने संस्थान की शताब्दी यात्रा को याद करते हुए एक विशेष डाक टिकट भी जारी किया था.
1926 में रखी गई थी कॉलेज की नींव
श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स की स्थापना वर्ष 1926 में उद्योगपति और समाजसेवी सर श्रीराम ने की थी. करीब एक सदी के सफर में कॉलेज ने वाणिज्य और अर्थशास्त्र की शिक्षा के क्षेत्र में देश के प्रमुख संस्थानों में अपनी जगह बनाई है. संस्थान से पढ़ाई करने वाले कई विद्यार्थियों ने कारोबार, प्रशासन, सार्वजनिक जीवन, नीति निर्माण और दूसरे क्षेत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाली हैं. कॉलेज की पहचान बेहतर शैक्षणिक माहौल, सुविधाओं और अनुभवी शिक्षकों के लिए भी रही है.
#WATCH | Delhi: Prime Minister Narendra Modi traveled by the Delhi Metro today as he headed to Shri Ram College of Commerce (SRCC) to participate in the college’s centenary celebrations.
(Source: DD) pic.twitter.com/AVqtS38z6P
— ANI (@ANI) September 5, 2026
शताब्दी समारोह आयोजित
इस बार SRCC का शताब्दी समारोह शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया. ऐसे में कार्यक्रम में शिक्षा और शिक्षकों के योगदान का पहलू भी खास रहा. शिक्षक दिवस नई पीढ़ी को ज्ञान और दिशा देने वाले शिक्षकों के योगदान को सम्मान देने का अवसर होता है. SRCC में देश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी विद्यार्थी शिक्षा हासिल करने पहुंचते हैं.
