चंडीगढ़ | हरियाणा में मानसून की गतिविधियां अभी थमने वाली नहीं हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD), चंडीगढ़ के पूर्वानुमान के मुताबिक 7 से 12 सितंबर तक प्रदेश के अलग- अलग हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. हालांकि, 7 से 10 सितंबर के बीच कुछ स्थानों पर ही हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 11 और 12 सितंबर को बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं.
सोमवार 7 सितंबर को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक हो सकती है. प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी होने की संभावना जताई गई है.
बढ़ेगी मानसून की सक्रियता
आईएमडी के अनुसार 11 और 12 सितंबर को प्रदेश में मानसून की सक्रियता दोबारा बढ़ सकती है. इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की स्थिति बन सकती है. बारिश के कारण दिन के तापमान में गिरावट आने के साथ लोगों को उमस से भी राहत मिलने की उम्मीद है. शनिवार को हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन के मुकाबले 0.8 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई, हालांकि तापमान सामान्य के आसपास ही रहा. हिसार 35.6 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा.
चंडीगढ़ और सिरसा में 35.4 डिग्री, अंबाला में 33.8 डिग्री, पंचकूला में 32.8 डिग्री, करनाल में 31 डिग्री और रोहतक में 31.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया.
पलवल में सबसे ज्यादा बारिश
पिछले 24 घंटे में पलवल में सर्वाधिक 40.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. करनाल के इंद्री और रोहतक के कैनाल रेस्ट हाउस क्षेत्र में 2-2 मिमी, पानीपत के उझा में 1.5 मिमी और फरीदाबाद में 0.5 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क रहा. मौसम विभाग ने गरज- चमक के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी है. किसानों को भी मौसम का पूर्वानुमान देखकर ही कृषि कार्य करने को कहा गया है. अगले कुछ दिनों में प्रदेश के मौसम में उतार- चढ़ाव बना रहने की संभावना है.
