नई दिल्ली | त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने यात्रियों की सुविधा के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों का संचालन शुरू करने का फैसला किया है. सितंबर और अक्टूबर 2026 से अलग- अलग रूट पर चलने वाली ये ट्रेनें नवंबर के अंत तक यात्रियों को सेवा देंगी. इससे उत्तर भारत, बिहार, महाराष्ट्र और उत्तराखंड के बीच सफर करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त विकल्प मिलेगा. जरूरत के मुताबिक यात्री AC, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच में टिकट बुक कर सकेंगे.
रेलवे की ओर से आनंद विहार टर्मिनस से लौकहा बाजार और पाटलिपुत्र, योग नगरी ऋषिकेश से मुजफ्फरपुर तथा हजरत निजामुद्दीन से दादर के बीच स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी. इनमें दैनिक, साप्ताहिक और सुपरफास्ट ट्रेनें शामिल हैं.
आनंद विहार- लौकहा बाजार स्पेशल
ट्रेन सं. 04014/04013 आनंद विहार टर्मिनल-लौकहा बाजार-आनंद विहार टर्मिनल डेली रिजर्व्ड फेस्टिवल स्पेशल 16 सितंबर से 29 नवंबर तक आनंद विहार से चलेगी. इस दिशा में कुल 75 फेरे होंगे. वापसी में लौकहा बाजार से 17 सितंबर से 30 नवंबर तक 75 फेरे निर्धारित हैं. ट्रेन में AC, स्लीपर और सामान्य कोच रहेंगे.
योग नगरी ऋषिकेश- मुजफ्फरपुर
ट्रेन सं. 04314/04313 4 अक्टूबर से 29 नवंबर तक योग नगरी ऋषिकेश से रविवार को चलेगी. कुल 09 फेरे होंगे. मुजफ्फरपुर से इसकी सेवा 5 अक्टूबर से 30 नवंबर तक सोमवार को रहेगी और 09 फेरे होंगे. इसमें AC, स्लीपर और सामान्य कोच होंगे.
हजरत निजामुद्दीन- दादर
ट्रेन सं. 04002/04001 रिजर्व्ड सुपरफास्ट साप्ताहिक स्पेशल होगी. हजरत निजामुद्दीन से 13 अक्टूबर से 24 नवंबर तक मंगलवार को 07 फेरे और दादर से 15 अक्टूबर से 26 नवंबर तक गुरुवार को 07 फेरे होंगे. इसमें केवल AC कोच रहेंगे.
आनंद विहार- पाटलिपुत्र
ट्रेन सं. 04096/04095 1 अक्टूबर से 29 नवंबर तक आनंद विहार से डेली चलेगी और 60 फेरे लगाएगी. पाटलिपुत्र से 2 अक्टूबर से 30 नवंबर तक 60 फेरे होंगे. इस ट्रेन में AC, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे.
