कुरूक्षेत्र | हरियाणा की मंडियों में धान की आवक शुरू हो चुकी है। हालांकि, अभी तक सरकारी खरीद शुरू नहीं हुई है। फिलहाल, प्राइवेट एजेंसियों द्वारा ही धान की खरीद की जा रही है। इसी कड़ी में कुरूक्षेत्र जिले की इस्माईलाबाद अनाज मंडी की बात करें तो यहां मंगलवार को 1509 किस्म का करीब 500 क्विंटल धान मंडियों में पहुंचा हैं। सीजन की शुरुआत में ही किसानों को उंचा भाव मिल रहा है जिसकी खुशी उनके चेहरों पर साफ नजर आ रही है। किसानों ने लड्डू बांटकर इस खुशी को जाहिर किया है।
किसानों को मिल रहा उंचा भाव
पिछले साल के सीजन की तुलना पर बात करें तो इस बार किसानों को प्रति क्विंटल 700 रुपए तक ज्यादा भाव मिल रहा है। किसानों ने उंचा भाव मिलने पर खुशी जाहिर करते हुए 1509 किस्म के भाव में और तेजी आने की संभावना जताई है। किसानों का कहना है कि 1509 किस्म धान की फसल पककर तैयार हो चुकी है और धीरे- धीरे कटाई का काम शुरू होने से मंडियों में आवक रफ्तार पकड़ने लगी है।
क्या मिल रहा है भाव?
किसानों ने बताया कि पिछले साल सीजन की शुरुआत में 1509 किस्म धान का भाव 3 हजार से 3,300 रुपए प्रति क्विंटल तक मिला था लेकिन इस बार शुरूआत में ही भाव तेज बना हुआ है। मंडियों में 1509 बासमती धान 3,600 से 3,900 रुपए प्रति क्विंटल तक मिल रहा है जबकि कई अन्य मंडियों में 4,300 रुपए तक भाव मिलने की बात सामने आ रही है। पिछले साल से इस बार किसानों को 500 से 700 रुपए प्रति क्विंटल तक फायदा हो रहा है।
भाव उंचा मिलने की बहुत खुशी है। इस बार बारिश उम्मीद के मुताबिक नहीं हुई है जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ है। ऐसे में अच्छा भाव मिलने से कुछ हद तक सीजन में अच्छी आमदनी की उम्मीद बनी हुई है।
