चंडीगढ़ | हरियाणा में कमजोर पड़ा मानसून अब एक बार फिर सक्रिय होने के संकेत दे रहा है. मौसम विभाग (IMD चंडीगढ़) के पूर्वानुमान के मुताबिक शनिवार को प्रदेश के 16 जिलों में बारिश होने की संभावना है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह, पलवल, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में मौसम बदल सकता है.
शनिवार सुबह पानीपत के कुछ हिस्सों में बूंदाबांदी देखने को मिली. करनाल, सोनीपत और भिवानी में सुबह से ही बादल छाए रहे. मौसम विभाग ने इसके अलावा अगले दो दिनों में कई इलाकों में झमाझम बारिश होने की संभावना जताई है.
शुक्रवार को बरसे बादल
इससे पहले शुक्रवार को प्रदेश के सात जिलों में बारिश दर्ज की गई. दोपहर के समय गुरुग्राम, रेवाड़ी और रोहतक में बारिश हुई, जबकि शाम को पानीपत, हिसार, नूंह और भिवानी में भी मौसम बदला. करीब एक सप्ताह से मानसून कमजोर रहने के कारण प्रदेश में गर्मी बढ़ी थी. हालांकि बारिश के बाद औसत तापमान में मामूली गिरावट आई है. हरियाणा में औसत अधिकतम तापमान में 0.8°C की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 1.7°C अधिक बना हुआ है.
शुक्रवार को सिरसा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.8°C दर्ज किया गया. हिसार में 38.4°C और हिसार के बालसमंद में 38.0°C तापमान रहा. अंबाला और चरखी दादरी में भी पारा 36°C से ऊपर दर्ज किया गया.
सबसे कम न्यूनतम तापमान
रात के तापमान में औसतन 0.2°C की बढ़ोतरी हुई है और यह सामान्य के आसपास बना हुआ है. नारनौल में न्यूनतम तापमान 24.0°C रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था. भिवानी में 24.5°C और हिसार में 24.8°C न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया.
