नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली मंडल में परिचालन संबंधी कारणों के चलते रेलवे ने कुछ रेलसेवाओं के संचालन में अस्थायी बदलाव किया है. उत्तर पश्चिम रेलवे के अनुसार 12 और 13 सितंबर 2026 को चार ट्रेनों के संचालन में आंशिक परिवर्तन रहेगा. इसका सीधा असर हरियाणा से दिल्ली की ओर आने- जाने वाले यात्रियों की यात्रा पर पड़ सकता है. गाड़ी संख्या 14737 भिवानी-तिलक ब्रिज रेलसेवा 12 और 13 सितंबर को भिवानी से रवाना होकर शकूरबस्ती तक ही संचालित होगी.
इसके चलते शकूरबस्ती से तिलक ब्रिज के बीच ट्रेन की सेवा इन दोनों दिनों में आंशिक रूप से रद्द रहेगी. वहीं, गाड़ी संख्या 14738 तिलक ब्रिज-भिवानी रेलसेवा भी 12 और 13 सितंबर को तिलक ब्रिज से नहीं चलेगी.
नई दिल्ली से रवाना होगी ट्रेन
यह ट्रेन शकूरबस्ती से भिवानी के लिए संचालित होगी. ऐसे में रोहतक, भिवानी और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को स्टेशन पहुंचने से पहले बदलाव की जानकारी लेना जरूरी होगा. गाड़ी संख्या 15307 तिलक ब्रिज-सिरसा रेलसेवा के संचालन में भी अस्थायी बदलाव किया गया है. रेलवे के मुताबिक 11 और 12 सितंबर को यह ट्रेन तिलक ब्रिज के बजाय नई दिल्ली से चलेगी. इस दौरान तिलक ब्रिज से नई दिल्ली के बीच ट्रेन का संचालन आंशिक रूप से रद्द रहेगा.
बदले रूट से जाएगी
गाड़ी संख्या 54411 रेवाड़ी-मेरठ कैंट रेलसेवा 12 सितंबर को निर्धारित मार्ग से अलग होकर चलेगी. यह ट्रेन दिल्ली किशनगंज, दिल्ली जंक्शन, दिल्ली शाहदरा और साहिबाबाद के रास्ते मेरठ कैंट पहुंचेगी. रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि सफर शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन का संचालन, शुरुआती स्टेशन और मार्ग जरूर जांच लें. इससे अचानक हुए बदलाव के कारण होने वाली परेशानी से बचा जा सकेगा.
