गुरुग्राम | हरियाणा के मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और बेहतर बनाने की दिशा में प्रस्तावित सेक्टर- 56- पंचगांव मेट्रो कॉरिडोर अहम भूमिका निभा सकता है. इस परियोजना को लेकर मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने समीक्षा बैठक में प्रगति की जानकारी ली और संशोधित डीपीआर को तय समय सीमा के भीतर अंतिम रूप देने के निर्देश दिए.
प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर की कुल लंबाई 35.25 किलोमीटर होगी. इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए 28 स्टेशन बनाए जाने की योजना है. यह रूट सेक्टर-56 से शुरू होकर खेड़की दौला, ग्लोबल सिटी, न्यू गुरुग्राम और आईएमटी मानेसर से होते हुए पंचगांव तक पहुंचेगा.
मेट्रो कॉरिडोर
इस कॉरिडोर के शुरू होने से गुरुग्राम के अलग- अलग हिस्सों के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है. खासतौर पर न्यू गुरुग्राम और मानेसर की ओर बढ़ते शहरी क्षेत्र को बेहतर सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क से जोड़ने में यह परियोजना महत्वपूर्ण मानी जा रही है. सरकार की योजना केवल मेट्रो कॉरिडोर विकसित करने तक सीमित नहीं है. इसे शहर में मौजूद और प्रस्तावित दूसरे रेल आधारित परिवहन नेटवर्क के साथ भी जोड़ा जाएगा. प्रस्तावित कनेक्टिविटी में रैपिड मेट्रो, आरआरटीएस, एचओआरसी और अन्य रेल- आधारित परिवहन नेटवर्क शामिल हैं.
मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में मजबूत होगा मल्टीमॉडल पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम
मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने सेक्टर-56–पंचगांव प्रस्तावित मेट्रो कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा की। 35.25 किलोमीटर लंबे कॉरिडोर में 28 स्टेशन होंगे, जो सेक्टर-56 से खेड़की दौला, ग्लोबल सिटी, न्यू… pic.twitter.com/mQtVh62rpA
— DPR Haryana (@DiprHaryana) September 12, 2026
कई रेल नेटवर्क से जोड़ा जाएगा
मल्टीमॉडल कनेक्टिविटी विकसित होने से यात्रियों को एक परिवहन माध्यम से दूसरे माध्यम तक पहुंचने में आसानी होगी. इससे गुरुग्राम में सार्वजनिक परिवहन को एकीकृत स्वरूप देने में मदद मिलेगी. समीक्षा के दौरान मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने अधिकारियों को परियोजना से जुड़ी संशोधित डीपीआर को निर्धारित समय- सीमा में अंतिम रूप देने के निर्देश दिए. परियोजना के आगे के चरणों के लिए डीपीआर को महत्वपूर्ण आधार माना जा रहा है.
