गुरुग्राम में आज बनेगी हरियाणा-यूके की नई कारोबारी बिसात, CM सैनी समेत कई बड़े चेहरे होंगे आमने- सामने

गुरुग्राम | हरियाणा और यूनाइटेड किंगडम के बीच कारोबार और औद्योगिक साझेदारी को मजबूत करने के लिए गुरुग्राम में आज ‘हरियाणा- यूके ट्रेड ब्रिज, अनलॉकिंग ग्लोबल ऑपर्च्युनिटीज- 2026’ कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है. इस आयोजन में सरकार के साथ उद्योग जगत के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे. सेक्टर 51 स्थित गुरुग्राम यूनिवर्सिटी में होने वाले इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे.

CM Nayab Singh Saini 1

हरियाणा के विदेश सहयोग मंत्री राव नरबीर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर, चंडीगढ़ अल्बा स्मेरिग्लियो विशेष अतिथि के तौर पर कार्यक्रम में शिरकत करेंगी.

प्रतिनिधियों की होगी भागीदारी

आयोजन में हरियाणा और यूके के बीच पहले से कारोबार कर रही कंपनियों को खास तौर पर आमंत्रित किया गया है. हरियाणा की वे कंपनियां भी कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगी, जिनका यूके में कारोबार है. इसके साथ ही यूके की उन कंपनियों के प्रतिनिधियों को भी बुलाया गया है, जिनकी हरियाणा में औद्योगिक या व्यावसायिक मौजूदगी है. कार्यक्रम में हरियाणा के निर्यातकों के अलावा सेक्टरल एक्सपोर्ट एसोसिएशनों, औद्योगिक संगठनों और अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़े उद्योग प्रतिनिधियों की भागीदारी रहेगी. इससे कारोबारी जगत को सीधे संवाद का मंच मिलेगा.

नए रास्तों पर चर्चा

‘हरियाणा- यूके ट्रेड ब्रिज’ के जरिए दोनों पक्षों के बीच मौजूदा कारोबारी संबंधों को और विस्तार देने पर चर्चा होगी. निवेश बढ़ाने, निर्यात को नई दिशा देने और कंपनियों के बीच कारोबारी साझेदारी विकसित करने की संभावनाओं पर विचार किया जाएगा. आयोजकों के मुताबिक कार्यक्रम का मकसद हरियाणा और यूके के उद्योग जगत को एक मंच पर लाना है, ताकि कंपनियां आपसी जरूरतों, संभावित निवेश और नए बाजारों को लेकर सीधे बातचीत कर सकें. इससे भविष्य में दोनों पक्षों के बीच व्यापारिक सहयोग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.