चंडीगढ़ | सितंबर के दूसरे पखवाड़े में हरियाणा में मानसून का असर उम्मीद के मुताबिक दिखाई नहीं दे रहा है. बारिश का दायरा सिमटने के साथ अब दिन में गर्मी फिर परेशान करने लगी है. मंगलवार को प्रदेश के 15 शहरों में अधिकतम तापमान 35°C या इससे ऊपर पहुंच गया. इस बीच मौसम विभाग ने अंबाला और यमुनानगर के लिए बारिश का यलो अलर्ट रखा है. प्रदेश के बाकी हिस्सों में फिलहाल तेज बारिश की संभावना कम है.
पंचकूला से लेकर पलवल तक 13 जिलों में कुछ जगह हल्की बारिश देखने को मिल सकती है. इनमें पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल शामिल हैं.
रात में भी बढ़ी गर्मी
मंगलवार को औसत अधिकतम तापमान 0.8°C बढ़ा. सबसे अधिक 36.2°C पारा हिसार में रहा. महेंद्रगढ़ में 35.9°C, सिरसा और भिवानी में 35.5°C तथा अंबाला में 35.4°C दर्ज किया गया. रात के तापमान में भी 0.4°C की बढ़ोतरी हुई है. हालांकि यह अभी सामान्य के आसपास है. यमुनानगर 23.4°C के साथ सबसे ठंडा रहा. नारनौल में 24.5°C, करनाल में 24.6°C, हिसार में 25.0°C और अंबाला में 25.3°C न्यूनतम तापमान रहा. पश्चिम और दक्षिण हरियाणा के सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी में कहीं-कहीं केवल बूंदाबांदी होने के आसार हैं.
जींद- सिरसा पीछे
मानसून सीजन के आंकड़े जिलों के बीच बड़ा अंतर दिखा रहे हैं. 1 जून से 15 सितंबर के बीच पलवल में 473.4 मिमी पानी बरसा, जो सामान्य से 21% अधिक है. वहीं जींद में केवल 145.5 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य से 60% कम है. सिरसा में यह कमी 58% रही और यहां सिर्फ 88.1 मिमी पानी बरसा. कैथल और रोहतक में सामान्य से 48%, कुरुक्षेत्र और करनाल में 41%, अंबाला में 40%, हिसार में 37%, पानीपत में 36% और सोनीपत में 31% कम बारिश दर्ज की गई है.
