गुरुग्राम | हरियाणा में गुरुग्राम की सड़कों पर वाहन चालकों को जल्द ही जाम में फंसने से पहले दूसरे रास्ते की जानकारी मिल सकेगी. दुर्घटना या दूसरी आपात स्थिति में सड़क पर लगे एक बटन से सीधे पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क भी किया जा सकेगा. साइबर सिटी की छह प्रमुख सड़कों को गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) स्मार्ट माडल रोड के रूप में तैयार करने जा रहा है.
पहले चरण में एमजी रोड (इफको चौक से गोल्फ कोर्स रोड), हैमिल्टन कोर्ट रोड, व्यापार केंद्र रोड, अतुल कटारिया चौक से सिग्नेचर टावर, राजीव चौक से बख्तावर चौक (मेदांता रोड) और हीरो होंडा चौक से सेक्टर-29 तक स्मार्ट सिस्टम लगाया जाएगा.
डायवर्जन की खबर
इन मार्गों पर वेरिएबल मैसेज साइनबोर्ड (वीएमएस) लगाए जाएंगे. ट्रैफिक जाम या डायवर्जन होने पर बोर्ड पर रियल टाइम जानकारी दिखाई जाएगी. जरूरत पड़ने पर वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्ता भी बताया जाएगा. खराब मौसम, सड़क पर बाधा और इमरजेंसी से जुड़े संदेश भी इसके जरिए दिए जा सकेंगे. सार्वजनिक स्थानों पर इमरजेंसी काल प्वाइंट (ईसीपी) लगाए जाएंगे. किसी दुर्घटना या सुरक्षा संबंधी खतरे के समय इसका बटन दबाते ही पुलिस कंट्रोल रूम अथवा इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से संपर्क किया जा सकेगा. रात में पहचान के लिए फ्लैशिंग रेड लाइट और रिफ्लेक्टिव संकेत लगाए जाएंगे.
CCTV से होगी निगरानी
प्रमुख चौराहों, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम (पीएएस) भी रहेगा. इसके जरिए आईसीसीसी से एक या सभी स्थानों पर एक साथ ट्रैफिक, सुरक्षा और आपदा संबंधी घोषणा की जा सकेगी. पूरा सिस्टम जीएमडीए के आप्टिकल फाइबर नेटवर्क और सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था से जुड़ा रहेगा और आईसीसीसी से 24 घंटे निगरानी होगी. जीएमडीए ने टेंडर आवंटित होने के बाद परियोजना को करीब चार महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा है.
