चंडीगढ़ | कई दिनों की उमस और तेज गर्मी झेल रहे हरियाणा में बुधवार देर रात मौसम बदल गया. गुरुवार तड़के तक कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई. जींद में बारिश के बाद भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री के मकान के सामने पानी जमा हो गया. यहां हवा इतनी तेज थी कि सुरक्षा के लिए लगाए गए बैरिकेड्स भी गिर गए.
चौधरी चरणसिंह हरियाणा कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU) ने गुरुवार सुबह अगले 3 घंटों के लिए मौसम अलर्ट जारी किया.
पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल में हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
गर्मी ने बढ़ाई थी बिजली की डिमांड
मौसम बदलने से पहले बुधवार रात तक उमस के कारण प्रदेश में बिजली की मांग करीब 11,500 MW तक पहुंच गई थी. बढ़ी डिमांड के बीच कई जिलों में दो से तीन घंटे तक बिजली कट लगाने पड़े. बारिश के बाद गर्मी और बिजली की मांग से राहत मिलने की उम्मीद है. बुधवार को औसत अधिकतम तापमान 1.1°C बढ़ा था. हिसार का बालसमंद 38.5°C के साथ सबसे गर्म रहा. चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और पलवल में भी पारा 37°C के पार रहा. न्यूनतम तापमान में औसतन 0.7°C की बढ़ोतरी हुई. पंचकूला में 21.8°C, चंडीगढ़ में 21.6°C और गुरुग्राम में 23.0°C न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ.
जींद में सामान्य से 60% कम बारिश
1 जून से 15 सितंबर के बीच पलवल में सामान्य से 21% अधिक 473.4 मिमी बारिश हुई. इसके उलट जींद में 60% कम सिर्फ 145.5 मिमी और सिरसा में 58% कम 88.1 मिमी बारिश दर्ज हुई. कैथल और रोहतक में 48%, कुरुक्षेत्र और करनाल में 41%, अंबाला में 40%, हिसार में 37%, पानीपत में 36% और सोनीपत में सामान्य से 31% कम बारिश हुई है.
