दिल्ली में 2.30 लाख परिवारों की छत पर लगेंगे सोलर पैनल, 1.56 लाख तक मिलेगी मदद

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली में घर की छत को बिजली उत्पादन का जरिया बनाने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है. ‘पीएम सूर्य घर, मुफ्त बिजली योजना’ के लिए आधिकारिक पंजीकरण पोर्टल लॉन्च कर दिया गया है. योजना के पहले चरण में 2.30 लाख से अधिक परिवारों के घर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है. लाभार्थियों का चयन ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर होगा. दिल्ली सचिवालय में सोमवार को मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऊर्जा मंत्री आशीष सूद की मौजूदगी में पोर्टल का शुभारंभ किया.

Solar System

योजना में केंद्र और दिल्ली सरकार दोनों आर्थिक मदद देंगी. 3 किलोवाट तक सौर ऊर्जा प्रणाली लगाने पर केंद्र सरकार से अधिकतम 78 हजार रुपये की सब्सिडी मिलेगी. दिल्ली सरकार भी 78 हजार रुपये तक की अतिरिक्त सहायता देगी. इस तरह एक पात्र परिवार को अधिकतम 1.56 लाख रुपये की मदद मिल सकेगी.

मासिक बिजली खपत

जिन घरेलू उपभोक्ताओं की औसत मासिक बिजली खपत 400 यूनिट तक है, उनके यहां 3 किलोवाट तक का सोलर सिस्टम बिना व्यक्तिगत खर्च के लगाने की व्यवस्था की जा रही है. जिन घरों की छत छोटी है, वहां 2 किलोवाट तक का सिस्टम लगाया जा सकेगा. ऐसे उपभोक्ताओं के लिए कुल लक्ष्य का 50 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखा गया है.

यह भी पढ़े -  लाल किले के रंग में बदलाव, लाहौरी गेट पर ASI ने हटाईं पेंट की कई परतें; 1648 से जुड़ी वजह

सोसायटियों को भी मिलेगा फायदा

ग्रुप हाउसिंग सोसायटियों और आरडब्ल्यूए के सामुदायिक या खुले स्थानों में सोलर सिस्टम लगाने के लिए मिलने वाली सहायता 2,000 रुपये प्रति किलोवाट से बढ़ाकर 11,000 रुपये प्रति किलोवाट की गई है. 0 से 200 यूनिट बिजली इस्तेमाल करने वाले परिवार सोलर पैनल लगने के बाद पारंपरिक बिजली की खपत घटाते हैं तो बचत के आधार पर अलग फाइनेंशियल इंसेंटिव भी मिलेगा.

ऊर्जा मंत्री आशीष सूद के मुताबिक, शुरुआती 5 साल तक विक्रेता सोलर सिस्टम का नि:शुल्क रखरखाव करेगा. इसके बाद सिस्टम की 25 से 30 साल की कार्य अवधि के दौरान किफायती दरों पर मेंटेनेंस की सुविधा देने की व्यवस्था रहेगी.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.