JNU के छात्रों को मिलेगी सस्ती सवारी, 3 रूट पर ई-रिक्शा चलाने की तैयारी

नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में हॉस्टल, लाइब्रेरी और प्रशासनिक भवनों के बीच आने-जाने वाले विद्यार्थियों को जल्द नई परिवहन सुविधा मिल सकती है. विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंपस के भीतर तीन रूट पर ई-रिक्शा सेवा शुरू करने की योजना तैयार की है. इसमें प्रति यात्री किराया केवल 15 रुपये प्रस्तावित किया गया है.

Electric e rickshaw

विश्वविद्यालय प्रशासन ने ई-रिक्शा संचालन के लिए तीन अलग-अलग रूट प्रस्तावित किए हैं. इनकी लंबाई क्रमशः 3.4 किलोमीटर, 3.3 किलोमीटर और 3.2 किलोमीटर रखी गई है.

जानें किराया और समय

इन रूट में विभिन्न हॉस्टल, प्रशासनिक ब्लॉक, लाइब्रेरी पार्किंग, गंगा ढाबा, साबरमती, गोदावरी और लाइफ साइंस जैसे महत्वपूर्ण स्थान शामिल किए जाएंगे. योजना के मुताबिक, ई-रिक्शा सेवा सुबह 7:30 बजे से रात 9:30 बजे तक उपलब्ध रहेगी. तीनों रूट पर प्रत्येक यात्री से 15 रुपये किराया लेने का प्रस्ताव है. ई-रिक्शा सेवा में सुरक्षा संबंधी नियमों पर विशेष ध्यान दिया गया है. प्रत्येक वाहन में इन-बिल्ट GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगाना अनिवार्य होगा, ताकि उसकी लोकेशन और आवाजाही की निगरानी की जा सके.

यह भी पढ़े -  बंदर से पंगा लेना दादी को पड़ा भारी, फिर सड़क पर दिखा मजेदार नजारा; देखें Viral Video

अग्निशामक यंत्र भी जरूरी

सभी चालकों का पुलिस सत्यापन कराया जाएगा. संचालन करने वाली एजेंसी को प्रत्येक चालक की पृष्ठभूमि जांचने के बाद रिपोर्ट विश्वविद्यालय के नामित अधिकारी को सौंपनी होगी. चालकों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस और फोटो पहचान पत्र होना जरूरी है. ड्यूटी के दौरान उन्हें निर्धारित यूनिफॉर्म और बैज भी पहनना होगा. सुरक्षा व्यवस्था के तहत प्रत्येक ई-रिक्शा में फर्स्ट एड बॉक्स और अग्निशामक यंत्र रखना होगा. यात्रियों के दुर्घटना बीमा और थर्ड पार्टी बीमा की जिम्मेदारी संबंधित संचालन एजेंसी की होगी.

वाहन में चालक का नाम, मोबाइल नंबर, लाइसेंस नंबर, पंजीकरण संख्या, फिटनेस, परमिट, रूट नंबर, बैठने की क्षमता और निर्धारित गति सीमा की जानकारी भी प्रदर्शित करनी होगी. फिलहाल यह सेवा प्रस्तावित चरण में है. विश्वविद्यालय प्रशासन की तैयारी पूरी होने के बाद कैंपस में इसका संचालन शुरू किया जाएगा.

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.