दिल्ली की महिलाओं के लिए जरूरी खबर, फ्री बस सफर के लिए जल्द बदल जाएगा नियम

नई दिल्ली | राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रोजाना लाखों महिलाएं काम, पढ़ाई और दूसरे जरूरी कामों के लिए DTC बसों से सफर करती हैं. इनमें बड़ी संख्या ऐसी महिलाओं की है, जो मुफ्त बस यात्रा की सुविधा का फायदा उठाती हैं. अगर आप भी इन्हीं में शामिल हैं और अभी तक पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड नहीं बनवाया है, तो अब इस पर ध्यान देने का समय आ गया है. ऐसे में जो महिलाएं आगे भी DTC बसों में मुफ्त सफर की सुविधा लेना चाहती हैं, उनके लिए पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाना जरूरी होने वाला है.

Bus

बता दें कि दिल्ली में महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा को धीरे-धीरे पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड से जोड़ा जा रहा है. अभी तक महिलाओं को मिलने वाली गुलाबी टिकट की व्यवस्था भी चल रही है, लेकिन आने वाले समय में इसे बंद करने की तैयारी है.

19 लाख से ज्यादा महिलाएं बनवा चुकी हैं कार्ड

परिवहन मंत्री पंकज कुमार सिंह की परिवहन विभाग के साथ बैठक के बाद इससे जुड़े प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है. जानकारी के मुताबिक, फाइल अब अंतिम मंजूरी के लिए उप राज्यपाल के पास भेजी गई है. दिल्ली में पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनाने की शुरुआत 8 मार्च से हुई थी. अब तक 19 लाख से ज्यादा महिलाएं यह कार्ड बनवा चुकी हैं.
वहीं, DTC की बसों में रोज करीब 6 से 7 लाख महिलाएं सफर करती हैं. 30 सितंबर तक इनमें रोजाना केवल 25 से 28 हजार महिलाएं पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड का इस्तेमाल कर रही थीं. गुरुवार को यह आंकड़ा बढ़कर 3 लाख से ज्यादा पहुंच गया.

अभी मिलती रहेगी गुलाबी टिकट

इसी बीच परिवहन विभाग की तरफ से महिलाओं को कार्ड बनवाने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है. इसके लिए टीमें बनाकर यात्रियों को नई व्यवस्था की जानकारी दी जा रही है. जिन महिलाओं के पास अभी पिंक सहेली कार्ड नहीं है, उन्हें फिलहाल परेशान होने की जरूरत नहीं है. गुलाबी टिकट की व्यवस्था पहले 30 सितंबर तक चलनी थी और बाद में इसकी तारीख 10 अक्टूबर तक बढ़ाने की बात सामने आई. वहीं, DTC ने इसे पिंक सहेली कार्ड अनिवार्य किए जाने का आदेश आने तक जारी रखने का फैसला किया है.

कंडक्टरों को भी निर्देश दिए गए हैं कि जिन महिलाओं के पास कार्ड नहीं है, उन्हें तब तक गुलाबी टिकट दी जाए. हालांकि, कुछ महिलाओं की शिकायत है कि तारीख बढ़ने के बावजूद कुछ कंडक्टर कार्ड से ही मुफ्त सफर करने के लिए कह रहे हैं.

ऐसे बनवाएं पिंक सहेली कार्ड

  • पिंक सहेली स्मार्ट कार्ड बनवाने के लिए महिला यात्री अपने नजदीकी DTC बस डिपो जा सकती हैं.
  • इसके लिए दिल्ली के पते वाला आधार कार्ड, वोटर आईडी कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर जाना होगा.
Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.