नई दिल्ली | राजधानी दिल्ली और आसपास के शहरों से रोजाना हजारों लोग ट्रेन के जरिए अपने काम पर जाते हैं। कोई नौकरी के लिए सफर करता है तो कोई पढ़ाई या दूसरे जरूरी कामों से एक शहर से दूसरे शहर पहुंचता है। ऐसे में अचानक ट्रेन रद्द होने से यात्रियों की पूरी दिनचर्या बिगड़ जाती है। शनिवार को दिल्ली में प्रस्तावित आंदोलन के चलते रेल सेवाएं प्रभावित होने के बाद अब यात्रियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। दिल्ली में स्थिति सामान्य होने के बाद उत्तर रेलवे ने पहले रद्द की गई 250 से अधिक ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया है।

इनमें करीब 35 मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न लोकल रूटों पर चलने वाली लगभग 215 ईएमयू और मेमू ट्रेनों को भी दोबारा चलाने की अनुमति दी गई है। हालांकि, रविवार को 28 ट्रेनें रद्द रखने का फैसला किया गया है।
दिल्ली से जाने वालों को राहत
उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय के अनुसार, कई प्रमुख रेल मार्गों पर ट्रेनों की आवाजाही फिर से सामान्य कर दी गई है। इनमें दिल्ली, नई दिल्ली, गाजियाबाद, अलीगढ़, पानीपत, पलवल, रोहतक, रेवाड़ी, सहारनपुर और कुरुक्षेत्र की ओर जाने वाले रूट शामिल हैं। इसके अलावा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश की दिशा में चलने वाली रेल सेवाओं को भी बहाल किया गया है। इस फैसले से रोजाना लोकल ट्रेनों में यात्रा करने वाले यात्रियों के साथ लंबी दूरी का सफर करने वालों को भी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
फिर चलने लगीं ट्रेनें
इसी बीच रेलवे ने उन मार्गों पर भी ट्रेनों का संचालन शुरू कर दिया है, जहां बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं। दिल्ली-गाजियाबाद-नई दिल्ली-अलीगढ़ रूट पर रेल सेवाएं बहाल की गई हैं। वहीं, पानीपत, कुरुक्षेत्र, अंबाला और कालका के बीच चलने वाली ट्रेनों को भी दोबारा शुरू किया गया है। रोहतक, जींद, हिसार और रेवाड़ी की तरफ जाने वाले यात्रियों को भी रेल सेवाएं बहाल होने से राहत मिलेगी।0 खासकर नौकरी और दूसरे कामों के लिए रोजाना दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों के लिए लोकल ट्रेनों का संचालन काफी डरूरी है।
रविवार को 28 ट्रेनें रहेंगी रद्द
हालांकि, अधिकांश ट्रेनों को फिर से चलाने की मंजूरी मिल गई है, लेकिन रेलवे ने रविवार के लिए 28 ट्रेनों का संचालन रद्द रखा है। रेलवे के अनुसार, परिचालन व्यवस्था को पूरी तरह सामान्य करने के लिए यह फैसला लिया गया है। रद्द ट्रेनों में दिल्ली, गाजियाबाद, पानीपत, मथुरा और रेवाड़ी जैसे व्यस्त मार्गों पर चलने वाली कुछ पैसेंजर और अन्य ट्रेनें शामिल हैं।
देखें लिस्ट
| ट्रेन नंबर | ट्रेन का मार्ग |
|---|---|
| 64002 | पानीपत-दिल्ली पैसेंजर |
| 64414 | दिल्ली-गाजियाबाद |
| 64105 | अलीगढ़-गाजियाबाद-नई दिल्ली |
| 64426 | नई दिल्ली-गाजियाबाद |
| 64903 | मथुरा-गाजियाबाद |
| 64905 | मथुरा-नई दिल्ली |
| 54413 | दिल्ली-रेवाड़ी |
| 14332 | कालका-सहारनपुर-दिल्ली |
| 64469 | नई दिल्ली-पानीपत |
| 64470 | पानीपत-नई दिल्ली |