नई दिल्ली | दिवाली और छठ पूजा आते ही दिल्ली से बिहार जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने लगती है। त्योहार पर घर पहुंचने के लिए लोग कई दिन पहले टिकट बुक कराने लगते हैं, लेकिन कई बार कंफर्म सीट मिलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए नई दिल्ली और पटना के बीच स्पेशल वंदे भारत ट्रेन चलाने की तैयारी की है। बता दें कि उत्तर रेलवे ने रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद नई दिल्ली-पटना वंदे भारत स्पेशल ट्रेन का शेड्यूल जारी किया है।

ट्रेन नंबर 02252 नई दिल्ली से पटना और 02251 पटना से नई दिल्ली के बीच चलेगी। इसका संचालन 16 अक्टूबर 2026 से शुरू होगा। करीब 996 किलोमीटर के इस रूट पर 16 कोच वाली पूरी तरह आरक्षित ट्रेन चलाई जाएगी।
चलेगी स्पेशल वंदे भारत
शुरुआत में नई दिल्ली से 16 और 18 अक्टूबर को ट्रेन रवाना होगी, जबकि पटना से 17 और 19 अक्टूबर को वापसी सेवा मिलेगी। इसके बाद 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक नई दिल्ली से प्रत्येक सोमवार, बुधवार और शनिवार को ट्रेन चलेगी। वहीं, पटना से 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक मंगलवार, गुरुवार और रविवार को संचालन निर्धारित किया गया है। इस अवधि में दोनों दिशाओं में 16-16 फेरे तय किए गए हैं।
इतने घंटे में पूरा होगा सफर
नई दिल्ली से पटना पहुंचने में 12 घंटे 55 मिनट लगेंगे, जबकि वापसी में 13 घंटे 30 मिनट का समय निर्धारित है। ट्रेन प्रयागराज से मिर्जापुर होते हुए दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंचेगी। रेलवे ने इसमें कैटरिंग की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए हैं।
देखें टाइमटेबल
| स्टेशन | नई दिल्ली से पटना (02252) | पटना से नई दिल्ली (02251) |
|---|---|---|
| नई दिल्ली | सुबह 8:35 प्रस्थान | रात 11:30 आगमन |
| अलीगढ़ | सुबह 10:21 / 10:23 | रात 8:53 / 8:55 |
| कानपुर सेंट्रल | दोपहर 1:30 / 1:35 | शाम 5:50 / 5:55 |
| प्रयागराज जंक्शन | दोपहर 3:45 / 3:50 | दोपहर 3:35 / 3:40 |
| दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन | शाम 6:00 / 6:10 | दोपहर 1:10 / 1:20 |
| बक्सर | शाम 7:26 / 7:28 | सुबह 11:25 / 11:27 |
| आरा | रात 8:10 / 8:12 | सुबह 10:38 / 10:40 |
| पटना | रात 9:30 आगमन | सुबह 10:00 प्रस्थान |