नई दिल्ली, वंदे भारत | लंबी दूरी की ट्रेन यात्रा में यात्रियों को आरामदायक सीट, अच्छा खाना और साफ-सुथरी सुविधाओं की जरूरत होती है। खासकर रातभर सफर करने वाले लोग चाहते हैं कि उन्हें ट्रेन में घर जैसा आराम मिल सके। अब भारतीय रेलवे ऐसी ही सुविधाओं के साथ नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन तैयार करने की योजना पर काम कर रहा है। भारतीय रेलवे (Indian Railways) 16 कोच वाली वंदे भारत स्लीपर के बाद अब 24 कोच वाला नया संस्करण तैयार कर रहा है।

इसका निर्माण चेन्नई की इंटीग्रल कोच फैक्ट्री और बेंगलुरु की BEML के सहयोग से किया जा रहा है। प्रस्तावित ट्रेन में 1224 यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी, जबकि 16 कोच वाले संस्करण में 823 यात्रियों की व्यवस्था है।
24 कोच में मिलेंगी ये सुविधाएं
नई ट्रेन में 17 एसी थ्री-टियर, पांच एसी टू-टियर, एक एसी फर्स्ट क्लास और एक वातानुकूलित पैंट्री कार रखने की योजना है। प्रत्येक यात्री कोच में मिनी पैंट्री और चादर-तौलिया रखने के लिए अलग जगह होगी। लंबी दूरी के यात्रियों को ताजा भोजन उपलब्ध कराने के लिए मुख्य पैंट्री कार भी बनाई जाएगी। वहीं, यात्रियों को आरामदायक सफर देने के लिए आधुनिक सस्पेंशन सिस्टम और सेंसर से चलने वाले ऑटोमैटिक दरवाजे लगाए जाएंगे।
हर बर्थ पर रीडिंग लाइट, यूएसबी चार्जिंग पोर्ट और आरामदायक कुशन की सुविधा प्रस्तावित है। फर्स्ट एसी कोच में गर्म पानी से नहाने की व्यवस्था भी होगी। सुरक्षा के लिए कवच तकनीक, सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन उपकरण और क्रैश बफर लगाए जाने की योजना है।
इन रूटों पर चलाने की तैयारी
रेलवे की योजना करीब 1500 से 2000 किलोमीटर लंबे व्यस्त मार्गों पर इन ट्रेनों को चलाने की है। इसके तहत 50 नई ट्रेनें तैयार करने का प्रस्ताव बताया गया है। पहले 24 कोच वाले ट्रेनसेट को साल के अंत तक तैयार करने का लक्ष्य है। फिलहाल, मंत्रालय की ओर से आधिकारिक सूचना का इंतजार है।