नई दिल्ली | माता वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं को अब ट्रेन बदलने की परेशानी से राहत मिलने वाली है। भारतीय रेलवे (Indian Railways) ने जोधपुर से कटरा तक सीधी रेल सुविधा देने का फैसला किया है। इसके अलावा, कुछ ट्रेनों के रास्तों में अस्थायी बदलाव किया गया है। त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।

रेलवे ने साबरमती-जम्मूतवी एक्सप्रेस का विस्तार श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा तक कर दिया है। नई व्यवस्था 18 अक्टूबर से लागू की गई है। इससे जोधपुर के यात्रियों को जम्मूतवी में दूसरी ट्रेन पकड़ने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
जोधपुर से कटरा
जोधपुर मंडल के डीआरएम अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, ट्रेन संख्या 19223 साबरमती बीजी-कटरा एक्सप्रेस रोजाना शाम 7 बजे जोधपुर से रवाना होकर अगले दिन शाम 6:55 बजे कटरा पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 19224 कटरा-साबरमती बीजी एक्सप्रेस 20 अक्टूबर से सुबह 4:50 बजे कटरा से चलेगी और अगले दिन सुबह 4:40 बजे जोधपुर पहुंचेगी। ट्रेन को साम्बा, बाड़ी ब्राह्मण और शहीद कप्तान तुषार महाजन स्टेशनों पर भी ठहराव मिलेगा।
इन ट्रेनों के बदले रास्ते
इसी बीच बीना स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग के कारण 18 और 19 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 14814 भोपाल-जोधपुर और 14813 जोधपुर-भोपाल एक्सप्रेस संत हिरदाराम नगर, मक्सी और रुठियाई के रास्ते चलेंगी। वहीं, 17 अक्टूबर को तिरुचिरापल्ली से रवाना हुई ट्रेन संख्या 20482 भगत की कोठी एक्सप्रेस भोपाल, संत हिरदाराम नगर, मक्सी, नागदा, कोटा और सवाई माधोपुर होकर चलेगी।
रेलवे की विशेष तैयारी
दीपावली और छठ पूजा के दौरान भीड़ को देखते हुए रेलवे ने स्टेशनों पर निगरानी बढ़ाने की तैयारी की है। जोधपुर मंडल के सीनियर डीसीएम हितेश यादव के अनुसार, वॉर रूम और सीसीटीवी से निगरानी होगी। प्रवेश और निकास मार्ग व्यवस्थित रखे जाएंगे। फुट ओवरब्रिज पर भीड़ रोकने, टिकट जांच और बुकिंग काउंटरों पर पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।