नई दिल्ली | अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में भारतीय पैरा एथलीट लगातार अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। अब जापान में आयोजित पैरा एशियाई खेलों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार शुरुआत की है। खासकर भाला फेंक प्रतियोगिता में दो भारतीय खिलाड़ियों ने ऐसा प्रदर्शन किया कि स्वर्ण और रजत दोनों पदक भारत की झोली में आ गए।

जापान के आइची-नागोया में चल रहे पैरा एशियाई खेल 2026 में रिंकू हुड्डा ने पुरुषों की भाला फेंक एफ46 स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता है। उन्होंने 65.11 मीटर दूर भाला फेंककर पहला स्थान हासिल किया। वहीं, भारत के अजीत सिंह 65.02 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे और रजत पदक अपने नाम किया।
तय हुआ गोल्ड मेडल
दोनों भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन में सिर्फ 9 सेंटीमीटर का अंतर रहा। रिंकू ने अपने सीजन का सर्वश्रेष्ठ थ्रो करते हुए बाजी मारी। वहीं, इंडोनेशिया के रिजाल बागुस साक्त्योनो ने 55.30 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक जीता। रिंकू हुड्डा ने 2022 के पैरा एशियाई खेलों में 67.08 मीटर भाला फेंककर रजत पदक जीता था। उस समय सुंदर सिंह गुर्जर स्वर्ण पदक विजेता रहे थे। अजीत सिंह ने पिछली बार 63.52 मीटर के थ्रो के साथ कांस्य पदक हासिल किया था। इस बार दोनों खिलाड़ियों ने अपने पदकों का रंग बदल दिया है।
पहले दिन जीते 11 पदक
इसी बीच भारतीय दल ने प्रतियोगिता के पहले दिन कुल 11 पदक जीते, जिनमें चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य शामिल रहे। निशाद कुमार ने पुरुषों की लंबी कूद टी47 स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में गोल्ड जीता। इसके अलावा, सौम्या कुमार ने महिलाओं की 1500 मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय खिलाड़ियों के इस प्रदर्शन से देश की पदक तालिका में शानदार शुरुआत हुई है।