ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, गरीब रथ एक्सप्रेस में बढ़ाए गए कोच

नई दिल्ली | त्योहारों के दौरान ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ने से कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो जाता है। खासकर लंबी दूरी की ट्रेनों में सीटों की मांग ज्यादा रहती है। ऐसे में रेलवे ने यात्रियों की परेशानी कम करने के लिए एक अहम फैसला लिया है। अब गरीब रथ एक्सप्रेस में पहले से ज्यादा यात्रियों को सफर करने की सुविधा मिलेगी। बता दें कि दक्षिण पश्चिम रेलवे ने यशवंतपुर और तिरुवनंतपुरम उत्तर के बीच चलने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस में 3 अतिरिक्त एसी थ्री-टियर इकोनॉमी कोच स्थायी रूप से जोड़ दिए हैं।

Garib Rath Coach

इससे ट्रेन में कोचों की कुल संख्या 18 से बढ़कर 21 हो गई है। नई व्यवस्था के तहत गरीब रथ एक्सप्रेस में 19 एसी थ्री-टियर इकोनॉमी कोच और दो लगेज-कम-ब्रेक एवं जनरेटर कार होंगी।

ट्रेन में होंगे 21 कोच

ट्रेन संख्या 12257 में यह बदलाव 18 अक्टूबर 2026 से लागू किया गया है। वहीं, वापसी की ट्रेन संख्या 12258 में 19 अक्टूबर से अतिरिक्त कोच उपलब्ध कराए गए हैं। कोच बढ़ने से यात्रियों के लिए सीटों की उपलब्धता बढ़ेगी और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना बेहतर होगी। इसी बीच रेलवे ने दशहरा उत्सव के चलते तीन अन्य ट्रेनों को कुछ स्टेशनों पर अस्थायी ठहराव देने का फैसला किया है।

यहां होगा ठहराव

मैसूरु-शिवमोग्गा टाउन एक्सप्रेस (16225/16226) को बेलागुला, कृष्णराजसागर, कल्लूर येदाहल्ली, सागरकट्टे, डोर्नहल्ली, हम्पापुरा, अर्जुनहल्ली, होसा अग्रहारा और माविनकेरे में अतिरिक्त ठहराव मिलेगा। मैसूरु-तालगुप्पा कुवेम्पु एक्सप्रेस (16222/16221) कृष्णराजसागर, कल्लूर येदाहल्ली, डोर्नहल्ली, हम्पापुरा और अर्जुनहल्ली में भी रुकेगी। वहीं, बेलागवी-मैसूरु एक्सप्रेस (17301/17302) को बेलागुला, सागरकट्टे, होसा अग्रहारा, अक्कीहेब्बालु, बिराहल्ली, मंदागेरे और माविनकेरे में अस्थायी ठहराव दिया गया है।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.