बेंगलुरु- मुंबई के बीच नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की तैयारी, 16 घंटे में पूरा होगा सफर

नई दिल्ली | लंबी दूरी की रेल यात्रा में यात्रियों को अक्सर पूरी रात और अगला दिन भी सफर में बिताना पड़ता है। ऐसे में बेंगलुरु और मुंबई के बीच आने-जाने वालों के लिए नई ट्रेन राहत लेकर आ सकती है। इससे समय की बचत के साथ रात में सफर करने की सुविधा मिलने की उम्मीद है। बता दें कि बेंगलुरु और मुंबई के बीच वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने की तैयारी की जा रही है।

Vande Bharat Sleeper

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह ट्रेन 1 नवंबर 2026 से शुरू हो सकती है। इसी दिन कर्नाटक राज्योत्सव भी मनाया जाता है। हालांकि, ट्रेन की शुरुआत और समय-सारिणी को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

16 घंटे में पूरा होगा सफर

प्रस्तावित योजना के मुताबिक, करीब 1,118 किलोमीटर की दूरी तय करने में ट्रेन को लगभग 16 घंटे लग सकते हैं। फिलहाल उद्यान एक्सप्रेस से इस सफर में करीब 22 घंटे लगते हैं। इस हिसाब से यात्रियों के लगभग छह घंटे बच सकते हैं। संभावित समय-सारिणी के अनुसार, बेंगलुरु से ट्रेन रात 7:50 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 11:55 बजे मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पहुंच सकती है। मुंबई से रात 8:10 बजे चलकर अगले दिन सुबह 11:55 बजे बेंगलुरु पहुंचने का प्रस्ताव है।

इन स्टेशनों पर ठहराव

प्रस्तावित रूट में अनंतपुर, गुंतकल, रायचूर, कलबुर्गी, सोलापुर, पुणे और कल्याण जैसे स्टेशन शामिल हो सकते हैं। कलबुर्गी के रास्ते ट्रेन चलाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, अंतिम रूट और स्टॉपेज की सूची रेलवे की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगी। नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में 16 कोच और करीब 823 बर्थ होने का अनुमान है। इसमें एसी थर्ड, एसी सेकंड और एसी फर्स्ट क्लास की सुविधा मिल सकती है।

यात्रियों की सुरक्षा के लिए कवच प्रणाली, सीसीटीवी कैमरे, आग का पता लगाने वाले उपकरण और स्पेशल डिजाइन वाले कोच दिए जाएंगे। इसके अलावा, यूएसबी चार्जिंग पॉइंट, ऑटोमैटिक दरवाजे और आपात स्थिति में संपर्क के लिए टॉक-बैक सिस्टम जैसी सुविधाएं भी मिल सकती हैं।

Avatar of Sanjukta Pandit
Sanjukta Pandit
View all posts

मेरा नाम संयुक्ता पंडित है. मै हरियाणा ई खबर में बतौर एडिटर के पोस्ट पर लगभग 4 सालों से काम रही हूँ. मेरी हमेशा कोशिश रहती है आप लोगो तक ब्रेकिंग न्यूज़ जल्द से जल्द अपडेट करूं और न्यूज़ में कोई व्याकरण की गलती न हो.