सोनीपत, HCS 2026 | सरकारी नौकरी पाने का सपना देखने वाले युवाओं के लिए ईशा पांचाल की सफलता एक मिसाल है। घर पर रहकर ऑनलाइन पढ़ाई और लगातार मेहनत के दम पर उन्होंने हरियाणा सिविल सर्विस परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे गोहाना में खुशी का माहौल है। बता दें कि हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) 2026 परीक्षा में 102 उम्मीदवारों का चयन हुआ है।

सोनीपत जिले के गोहाना की रहने वाली ईशा पांचाल ने परीक्षा में तीसरा रैंक हासिल किया है। उनका चयन एसडीएम के पद पर हुआ है। इस उपलब्धि के बाद रविवार को शहर में उनका जोरदार स्वागत किया गया।
जुलूस निकालकर किया सम्मानित
ईशा की सफलता से उत्साहित ओबीसी समाज संस्था ने उनके सम्मान में गोहाना में जुलूस निकाला। इस दौरान लोगों ने फूलों और बधाइयों के साथ अपनी खुशी जाहिर की। इसके बाद संस्था भवन में ईशा को चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया गया। समाज के सदस्यों ने उनकी उपलब्धि पर गर्व जताया और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
ऑनलाइन की तैयारी
ईशा पांचाल ने सोनीपत से 12वीं तक पढ़ाई की और इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय के किरोड़ीमल कॉलेज से स्नातक की डिग्री हासिल की। उन्होंने घर पर रहकर ऑनलाइन माध्यम से HCS परीक्षा की तैयारी की और अपनी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया। ईशा ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और दोस्तों को दिया।
ईशा के पिता हरियाणा पुलिस में एएसआई हैं, जबकि उनकी मां गृहिणी हैं। उनकी बड़ी बहन क्लर्क के पद पर नौकरी कर रही हैं और छोटा भाई अभी पढ़ाई कर रहा है। बेटी की सफलता पर माता-पिता बेहद खुश हैं। मां ने कहा कि समाज के इतने लोगों का बेटी को बधाई देने पहुंचना उनके लिए गर्व की बात है।
युवाओं को दिया संदेश
ईशा ने कहा कि HCS में चयन होने से वह बेहद खुश हैं। उन्होंने युवाओं को संदेश दिया कि असफलता मिलने पर निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि लगातार प्रयास करने से सफलता का रास्ता खुलता है। उनकी उपलब्धि अब क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।