झज्जर | हरियाणा में एक बार फिर से भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. मंगलवार अल सुबह दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में स्थित झज्जर जिले में आए भूकंप के झटकों से धरती हिल उठी और लोगों में दहशत का माहौल पैदा हो गया. हालांकि भूकंप की तीव्रता कम होने की वजह से किसी तरह की जान माल की कोई हानि नहीं हुई है. भूकंप का केंद्र झज्जर ही रहा.
जिला राजस्व अधिकारी प्रमोद चहल ने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.4 मापी गई है. सुबह 4 बजकर 19 मिनट और 52 सेकंड पर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं. इसकी गहराई जमीन में 5 किलोमीटर रही. उन्होंने कहा कि जिलें में भूकंप से जान माल की किसी भी तरह की हानि की फिलहाल कोई खबर नहीं है.
