नई दिल्ली | आमतौर पर हमें बजरंगबली के अनेकों मंदिर हर शहर में देखने को मिल जाते हैं. लेकिन आज हम आपको दिल्ली एनसीआर में स्थित एक ऐसे मंदिर के बारे में जानकारी देंगे जहां सफेद रंग के बजरंगबली स्थापित हैं. प्राय हमने दिल्ली के मंदिरों में बजरंगबली केसरी रंग के ही देखे हैं. लेकिन जिस मंदिर की हम आपको जानकारी देने वाले हैं वह एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां बजरंगबली सफेद रंग में विराजमान हैं.
100 साल पुराना है मंदिर
आईटीओ क्रॉसिंग के पास हनुमान जी का एक विशाल मंदिर है, जिसके बाहर उनकी बहुत बड़ी प्रतिमा स्थापित है. मंदिर के पुजारी शिवनारायण तिवारी ने जानकारी दी कि 100 साल से भी ज्यादा पुराना यह मंदिर लोगों की धार्मिक आस्था का केंद्र बना हुआ है. यहां मंदिर के बाहर लगी हुई हनुमान जी की मूर्ति 29 साल पुरानी है. पूरी दिल्ली में सिर्फ यही एकमात्र ऐसा मंदिर है जहां बजरंगबली की सफेद मूर्ति स्थापित है. दूर-दूर से भक्त यहां बजरंगबली के दर्शन करने के लिए आते हैं.
24 घंटे खुला है ये मंदिर
ऐसी मान्यताएं हैं कि यहां सच्चे मन से जो भी भक्त आकर मनोकामना मांगता है उसकी हर मुराद पूरी हो जाती है. मंदिर के पुजारी ने जानकारी दी कि रामायण में वर्णित एक घटना के अनुसार एक बार हनुमान जी ने बूढ़े साधु का रूप धारण किया था. मंदिर में लगी हनुमान जी की सफेद मूर्ति उनके इसी रूप को दर्शाती है. मंदिर भक्तों के लिए 24 घंटे खुला रहता है. यहां आने के लिए आप सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन आईटीओ और सुप्रीम कोर्ट दोनों का सहारा ले सकते हैं. यहां से चंद कदमों की दूरी पर यह मंदिर स्थित है.
