हिसार | हरियाणा के हिसार जिले में एक अनोखा नजारा देखने को मिला. यहां एक भैंस ने 2 पांव वाले कटड़े को जन्म दिया. यह खबर फैलते ही न सिर्फ ग्रामीण बल्कि आसपास के गांवों से भी लोग इसे देखने पहुंचने लगे. यह मामला अग्रोहा के गांव कालीरावण का है, जहां एक पशुपालक एवं किसान की भैंस ने अजीब तरह के कटड़े को जन्म दिया. उसके सिर्फ दो ही पैर हैं.
इसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जुट गई. कुछ लोग इस घटना को चमत्कार मान रहे हैं. किसी ने इसकी फोटो सोशल मीडिया पर डाल दी, जो रातों-रात वायरल हो गई. यह खबर पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई है.
किसान ने कहा- पहली बार देखा ऐसा मामला
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार गांव कालीरावण निवासी किसान राजेश और उसके भाई रमेश ने बताया कि शुक्रवार शाम को उनकी भैंस ने दो पांव वाले कटड़े को जन्म दिया. इसके आगे के दोनों पांव बिल्कुल सही हैं, लेकिन पीछे के पांव नहीं हैं. फिलहाल इसे दूध निप्पल से ही पिलाया जा रहा है और इसकी पूरी निगरानी की जा रही है. इसके स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टरों से भी सलाह ली जा रही है.
ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही उन्हें इस दो पांव वाले कटड़े के जन्म की खबर मिली, वे तुरंत देखने पहुंच गए. उनका कहना है कि उन्होंने आज तक ऐसा मामला पहले कभी नहीं देखा. फिलहाल यह दो पांव वाला कटड़ा आसपास के गांवों में चर्चा का विषय बना हुआ है.
