भक्तों की आस्था का केंद्र अंबाला का प्राचीन शिव मंदिर, जहां बाबा के चमत्कार से बालक को मिला था नया जीवन

अंबाला | हरियाणा के अंबाला में भगवान शिव का एक ऐतिहासिक मंदिर है, जहां के प्रति भक्तों की अटूट श्रद्धा है. वैसे तो यहां हर रोज ही भक्तों की भीड़ जुटती है लेकिन महाशिवरात्रि के पर्व पर यहां भक्तों का तांता लग जाता है. आज महाशिवरात्रि के पर्व पर भगवान शिव को प्रसन्न करने के लिए भक्तों की भीड़ आमतौर पर हर मंदिर में नजर आ रही है, लेकिन अंबाला के रामबाग मैदान के पास स्थित इस प्राचीन शिव मंदिर के प्रति लोगों में विशेष आस्था देखने को मिल रही है. मान्यता है कि यहां बाबा किशनपुरी जी महाराज ने अपने भक्त के प्राण बचाने के लिए समाधि ले ली थी.

shiv mandir

जानें मान्यता

ऐसी मान्यता है कि लगभग 500 साल पहले बाबा किशनपुरी जी महाराज यहां तपस्या करते थे और हर रोज कई भक्त उनसे आशीर्वाद लेने आते थे. एक बार एक भक्त उनसे मिलने नहीं आया. तब उन्होंने संगत से उसके न आने का कारण पूछा तो भक्तों ने बताया कि उसके बेटे की मृत्यु हो गई है. बाबा ने उस लड़के के ऊपर अभिमंत्रित जल डाला, जिससे वह जीवित हो उठा. रात में भविष्यवाणी हुई और उन्होंने समाधि लेने का निर्णय लिया. उन्होंने चारों ओर दीवारें बनवाईं और समाधि ले ली. तभी से इस जगह पर शिवलिंग स्थापित है और लोग यहां बाबा की पूजा करते हैं.

यह भी पढ़े -  खुशखबरी: अंबाला को जल्द मिलेगी नए रिंग रोड की सौगात, 691 करोड़ से फर्राटेदार होगा सफर

500 साल पुराना इतिहास

मंदिर के पुजारी सुरेश कुमार शास्त्री ने बताया कि वह पिछले 40 सालों से इस मंदिर में पूजा- अर्चना कर रहे हैं. हर रोज दूर- दूर से लोग यहां दर्शन के लिए आते हैं. जो भी भक्त सच्चे मन से यहां शिव चालीसा का पाठ करता है, उसकी सभी मनोकामनाएं पूरी हो जाती हैं. 500 साल पुराने इस मंदिर में बाबा किशनपुरी जी की कुटिया थी, जहां वह दिन-रात भगवान शिव की भक्ति में लीन रहते थे.

भोलेनाथ करते हैं हर मनोकामना पूरी

शिवरात्रि के मौके पर मंदिर में कावड़ चढ़ाने आए कांवड़िया महेश कुमार ने बताया कि वह इस प्राचीन मंदिर में अपने पूर्वजों के समय से आ रहे हैं. इस बार वह हरिद्वार से गंगाजल लाकर भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक करेंगे. एक अन्य भक्त हरीश कुमार ने बताया कि वह कई सालों से इस मंदिर में आ रहे हैं और हर सावन में जलाभिषेक करते हैं. उन्होंने कहा कि भगवान भोलेनाथ उनकी सभी मनोकामनाएं पूरी करते हैं.

Avatar of Nisha Tanwar
Nisha Tanwar
View all posts