अंबाला | हरियाणा में खेल और खिलाड़ियों से जुड़ी एक और अच्छी खबर सामने आई है. यहां खेल सुविधाओं का बुनियादी ढांचा मजबूत करने के उद्देश्य से अंबाला जिले के गांव बड़ागढ़ के खेल स्टेडियम में हॉकी एस्ट्रोटर्फ और सिंथेटिक ट्रैक के निर्माण को हरी झंडी दिखा दी गई है. इस प्रोजेक्ट पर लगभग 17 करोड़ रुपए खर्च होंगे जिसके बाद स्थानीय खिलाड़ियों को अपने घर के आसपास बेहतर खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा.
शाहजादपुर का बड़ागढ़ स्थित आधुनिक खेल स्टेडियम जिले का पहला ऐसा खेल मैदान होगा जिसमें हॉकी एस्ट्रोटर्फ और सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण किया जाएगा. मुख्यमंत्री नायब सैनी ने सीएम कप प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की 5 साल पुरानी मांग को पूरा करते हुए इस प्रोजेक्ट की घोषणा की थी.
हरियाणा में खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी
लोक निर्माण विभाग (PWD) के एक अधिकारी ने बताया कि इस संबंध में टेंडर प्रक्रिया पूरी कर शिव नरेश कंपनी को वर्क ऑर्डर जारी कर दिया गया है. इस पूरे प्रोजेक्ट को इस साल के आखिर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. खास बात यह है कि जिले में पहली बार हॉकी टर्फ और एथलेटिक्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक एक साथ तैयार किए जाएंगे.
अभी तक अंबाला जिले में यह सुविधा नहीं होने के कारण खिलाड़ी घास और मिट्टी के मैदानों पर अभ्यास करने को मजबूर हो रहे हैं जबकि नेशनल और इंटरनेशनल खेल मुकाबले एस्ट्रोटर्फ पर ही खेले जाते हैं. इसलिए खिलाड़ियों को मजबूरी में शाहबाद और कुरुक्षेत्र जैसे शहरों का रूख करना पड़ता है.
खिलाड़ियों के कौशल में आएगा निखार
लेकिन अब नारायणगढ़ और शाहजादपुर के आसपास के सैकड़ों गांवों के युवाओं को अपने घर के आसपास ही विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा. इससे उनके खेल कौशल में निखार आएगा और भविष्य में नेशनल और इंटरनेशनल स्तर पर वे अच्छा प्रदर्शन कर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकेंगे. खिलाड़ियों को अभ्यास करने के लिए ज्यादा समय मिलेगा क्योंकि अब उन्हें दूसरे शहरों के लिए भागदौड़ करने की जरूरत नहीं पड़ेगी.
