भिवानी | हरियाणा के लिए खेल मैदान से एक और गौरवमई खबर सामने आई है. बता दें कि बेंगलुरु में आयोजित हुई 7वीं इंडियन ओपन पैरा एथलेटिक्स अंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में भिवानी जिले के गांव संडवा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी दयावंती ने दो गोल्ड मेडल जीतकर न केवल हरियाणा, बल्कि क्षेत्र और जिले का भी नाम रोशन कर दिया है. उन्होंने शॉट पुट और डिस्कस थ्रो में स्वर्ण पदक हासिल किए हैं.

चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई
10- 12 जुलाई तक बेंगलुरु में आयोजित हुई. इस एथलेटिक्स प्रतियोगिता में दयावंती ने शॉट पुट में 7.76 मीटर थ्रो के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया. इसके अलावा, डिस्कस थ्रो में भी उन्होंने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ ही अब उन्होंने सितंबर-अक्टूबर में नई दिल्ली में प्रस्तावित वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भी अपना स्थान पक्का कर लिया है.
पैरा एथलेटिक्स दयावंती की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर अखिल भारतीय कालीरामण खाप के राष्ट्रीय प्रधान कर्मबीर कालीरामण, खाप संयोजक रामस्वरूप देवबन सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. सभी ने एकमत से कहा कि दयावंती की यह उपलब्धि क्षेत्र के लिए गौरव की बात है. उन्होंने अपने दमदार प्रदर्शन की बदौलत देशभर में हमारा नाम रोशन किया है.
ओलंपिक में पदक जीतना लक्ष्य
दयावंती ने कहा कि नेशनल चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतने की अपार खुशी हैं. अब वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पदक जीतना अगला लक्ष्य रहेगा और इसके लिए वो पहले से भी ज्यादा परिश्रम करेगी. उन्होंने बताया कि देश के लिए ओलंपिक खेलों में पदक जीतना उनका सबसे बड़ा लक्ष्य है. इस सपने को पूरा करने के लिए वो अपने खेल में और ज्यादा सुधार करेगी.