भिवानी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है. उत्तर प्रदेश के नोएडा में आयोजित वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भिवानी जिले की मुक्केबाज बेटियों ने अपने दमदार पंचों से विरोधी खिलाड़ियों को पटखनी देते हुए शानदार प्रदर्शन किया हैं. इस प्रतियोगिता में जैस्मीन लंबोरिया और नूपुर श्योराण ने गोल्ड मेडल, जबकि पूजा रानी ने सिल्वर मेडल जीतकर हरियाणा और भिवानी जिले का नाम रोशन कर दिया है.
भिवानी की बेटियों का जलवा
57 किलोग्राम भारवर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए महिला मुक्केबाज जैस्मीन लंबोरिया ने फाइनल मुकाबले में दमदार खेल दिखाते हुए ओलंपिक मेडलिस्ट चीनी खिलाड़ी को 4- 1 से हराकर गोल्ड मेडल जीता. उनके चाचा एवं कोच ने बताया कि जैस्मीन ने चोटिल होने के बावजूद भी शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हर भारतीय को गौरवान्वित करने का अवसर दिया है. उन्होंने एक ही साल में 3 वर्ल्ड खिताब जीते हैं और ऐसा करने वाली वो देश की पहली महिला मुक्केबाज बन गई है.
चरखी दादरी जिले के गांव उमरावास और हाल में भिवानी निवासी नूपुर श्योराण ने 80 किलोग्राम भारवर्ग में भारत देश का प्रतिनिधित्व करते हुए वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में उज़्बेकिस्तान की महिला मुक्केबाज को 5-0 से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया. उन्होंने अपनी इस उपलब्धि से न केवल अपने जिले बल्कि हरियाणा और हिंदुस्तान का भी नाम रोशन किया है. इससे पहले भी नुपुर अनेक नेशनल और इंटरनेशनल टूर्नामेंट में पदक जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का गौरव बढ़ा चुकी है.
पूजा बोहरा ने जीता सिल्वर मेडल
भिवानी जिले के गांव निमड़ीवाली की रहने वाली पूजा बोहरा ने 80 किलोग्राम भारवर्ग में भारत देश का प्रतिनिधित्व करते हुए वर्ल्ड बॉक्सिंग चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता. इससे पहले उन्होंने इंग्लैंड के लीवरपूल में आयोजित हुई वर्ल्ड चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतकर हरियाणा और हिंदुस्तान का गौरव बढ़ाया था.
