भिवानी | खेल मैदान से हरियाणा के लिए एक और गौरवमई खबर सामने आई है. बता दें कि इंटरनेशनल स्तर पर आयोजित हुई शूटिंग प्रतियोगिता में एक साथ उतरते हुए मां- बेटे की जोड़ी ने हिंदुस्तान और हरियाणा का विदेशी सरजमीं पर नाम रोशन कर दिया है. उनकी इस उपलब्धि की चौतरफा प्रशंसा हो रही है.

आस्ट्रेलियाई सरजमीं पर छाई मां- बेटे की जोड़ी
सिडनी इंटरनेशनल शूटिंग सेंटर में आयोजित हुएं सिडनी कप प्रथम में हरियाणवी मां सुनैना सांगवान और बेटे सामर्थ्य सांगवान ने TOP- 10 में जगह बनाकर शूटिंग प्रेमियों के बीच अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए विशेष पहचान स्थापित की है. भिवानी की इंदिरा कॉलोनी निवासी सुनैना सांगवान ने 10 मीटर एयर पिस्टल महिला वर्ग- 2 व्यक्तिगत स्पर्धा में 534 अंक अर्जित कर 11 प्रतिभागियों के बीच 9वां स्थान हासिल किया. उन्होंने अपनी छह सीरीज में 88, 89, 88, 93, 89 और 87 अंक प्राप्त किए.
बेटे के साथ खुद भी बन गई निशानेबाज
वहीं, बेटे सामर्थ्य सांगवान ने 10 मीटर एयर पिस्टल पुरुष वर्ग के क्वालिफिकेशन राउंड में उत्कृष्ट निशानेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 541 अंक अर्जित कर प्रतियोगिता में 10वां स्थान हासिल किया. कड़े अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में उनका प्रदर्शन बेहद काबिले-तारीफ रहा है. इस अवसर पर सुनैना सांगवान ने बताया कि बेटे सामर्थ्य के साथ शूटिंग सेंटर जाते- जाते खुद भी कब निशानेबाज बन गई, पता ही नहीं चला.
हरियाणवी दुनिया के किसी भी कोने में हो, अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा ही लेते हैं. दोनों मां- बेटे का अंतराष्ट्रीय स्पर्धा में खेलना ही अपने- आप में बहुत बड़ी उपलब्धि है. आने वाले समय में मां- बेटे की यह जोड़ी शानदार प्रदर्शन कर देश- प्रदेश के लोगों को गौरवान्वित करने का काम करेगी- प्रदीप बेनीवाल कोच एवं निदेशक, लक्ष्य स्पोर्ट्स शूटिंग एकेडमी