भिवानी: जूस की रेहड़ी लगाने वाली रिंकू का डबल धमाल, स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप में जीते 2 गोल्ड मेडल

भिवानी | खेल मैदान में हरियाणा की युवा प्रतिभा अपनी मेहनत और हौसले के दम पर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है. इसी कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है भिवानी के पुराने बस स्टैंड निवासी बेटी रिंकू ने, जिन्होंने हिमाचल प्रदेश के पालमपुर में आयोजित स्ट्रेंथ लिफ्टिंग चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीतकर न केवल जिले का नाम रोशन किया है बल्कि हरियाणा प्रदेश का भी गौरव बढ़ाया है.

Rinku Bhiwani

जूस की रेहड़ी से घर का गुजारा

हिमाचल प्रदेश में आयोजित हुई इस प्रतियोगिता में 58 किलोग्राम भारवर्ग में डबल गोल्ड मेडल जीतने वाली बेटी रिंकू ने बताया कि उनके पिता का देहांत हो चुका है. अब घर का गुजर- बसर करने के लिए उनकी मां रोहतक गेट पर कपड़ों की रेहड़ी लगाती हैं. वह खुद सुबह 5 बजे उठकर सब्जी मंडी जाती है और मौसमी खरीद कर रेहड़ी पर जूस बेचती है. दोपहर 3 बजे तक रेहड़ी लगाने के बाद वह जिम में जाकर दो घंटे तक वर्कआउट करती हैं.

रिंकू ने बताया कि यह सफलता उनके संघर्ष और नियमित अभ्यास का परिणाम है. उन्होंने कहा कि वह आगे भी अपने खेल को जारी रखेंगी और राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतना चाहती हैं. रिंकू ने कहा कि उनका उद्देश्य अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत को गोल्ड मेडल दिलाकर देश का नाम रौशन करना है.

यह भी पढ़े -  खिलाड़ियों के लिए खुशखबरी, हरियाणा में खेल उपलब्धियों के आधार पर मिली सरकारी नौकरी

फूल- मालाओं से जोरदार स्वागत

जूनियर और सीनियर दोनों वर्गों में गोल्ड मेडल जीतकर भिवानी पहुंचने पर बेटी रिंकू का जोरदार स्वागत किया गया. लोगों ने फूल- मालाओं और नोटों की माला पहनाकर उनका हौसला बढ़ाया. सभी ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की. उनकी मां ने कहा कि बेटी ने खेल मैदान में अच्छा प्रदर्शन कर हमारा गौरव बढ़ाया है. मुझे अपनी बेटी की उपलब्धि पर गर्व महसूस हो रहा है.

Avatar of Ajay Sehrawat
Ajay Sehrawat
View all posts

मेरा नाम अजय सहरावत है. मीडिया जगत में पिछले 6 साल से काम कर रहा हूँ. बीते साढ़े 5 साल से Haryana E Khabar डिजिटल न्यूज़ वेबसाइट के लिए बतौर कंटेंट राइटर के पद पर काम कर रहा हूँ.