नई दिल्ली | देश की प्रमुख एयरलाइंस कंपनी IndiGo ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान मजबूत की है. Skytrax World Airline Awards 2026 में इंडिगो को भारत और दक्षिण एशिया की सर्वश्रेष्ठ लो- कास्ट एयरलाइन चुना गया है. एयरलाइन ने यह खिताब 16वीं बार अपने नाम किया है. दो अन्य कैटेगरी में भी इंडिगो को पुरस्कार मिले हैं. Skytrax World Airline Awards के नतीजे किसी एक संस्था की रेटिंग के बजाय यात्रियों की राय के आधार पर तैयार किए गए.
इसके लिए सितंबर 2025 से अगस्त 2026 के बीच वैश्विक यात्री संतुष्टि सर्वे कराया गया. इसमें 100 से अधिक देशों के करीब 2.48 करोड़ यात्रियों ने हिस्सा लिया और 300 से अधिक एयरलाइंस की सेवाओं को लेकर अपना अनुभव साझा किया.
परखा गया मानक
सर्वे के दौरान एयरलाइंस को कई मानकों पर परखा गया. इनमें समय पर उड़ान (आन-टाइम) परफार्मेंस, केबिन स्वच्छता और एयरपोर्ट सेवाएं भी शामिल रहीं. इन मानकों पर यात्रियों से मिली प्रतिक्रिया के बाद इंडिगो को दक्षिण एशिया में सर्वश्रेष्ठ लो-कास्ट एयरलाइन का खिताब मिला. मुख्य खिताब के साथ इंडिगो ने ‘सर्वश्रेष्ठ केबिन क्रू’ और ‘सबसे स्वच्छ एयरलाइन’ का पुरस्कार भी अपने नाम किया. इस तरह Skytrax World Airline Awards 2026 में कंपनी को तीन अलग- अलग उपलब्धियां मिलीं.
कर्मचारियों की मेहनत
एयरलाइन के सीईओ विली वाल्श ने इस उपलब्धि के पीछे यात्रियों के भरोसे और कर्मचारियों की मेहनत को अहम बताया. उन्होंने 90 करोड़ यात्रियों के भरोसे का भी जिक्र किया. वहीं, Skytrax के सीईओ एडवर्ड प्लेस्टेड ने इंडिगो के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क में हो रहे विस्तार की तारीफ की. इंडिगो इस समय 40 से अधिक अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक अपनी सेवाएं पहुंचा रही है. एयरलाइन लगातार अपने घरेलू नेटवर्क के साथ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का दायरा भी बढ़ा रही है.
