नई दिल्ली | BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पार्टी की नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान किया. इसमें हरियाणा से जुड़े चार नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं. राज्यसभा सांसद संजय भाटिया और हरियाणा भाजपा के प्रभारी डॉ. सतीश पूनिया को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया है. वहीं, हरियाणा भाजपा के सोशल मीडिया प्रमुख अरुण यादव को सोशल मीडिया को- कन्वीनर और पूर्व सांसद सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव को मीडिया को- कन्वीनर की जिम्मेदारी मिली है. नई टीम में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव रहे ओमप्रकाश धनखड़ को जगह नहीं मिली.

8 जुलाई 2022 को धनखड़ के हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रहते अरुण यादव को विवादित पोस्ट के मामले में हरियाणा IT सेल इंचार्ज पद से हटाया गया था. हालांकि करीब डेढ़ साल बाद धनखड़ के कार्यकाल में ही अरुण यादव की पार्टी में वापसी हुई थी. अब उन्हें राष्ट्रीय टीम में जिम्मेदारी मिली है.
संगठन का लंबा अनुभव
पानीपत निवासी संजय भाटिया भाजपा के पुराने संगठनकर्ताओं में शामिल हैं. वह 2019 में करनाल लोकसभा सीट से सांसद चुने गए थे. उन्होंने कांग्रेस के कुलदीप शर्मा को 6.56 लाख से ज्यादा वोटों के अंतर से हराया था. भाटिया हरियाणा भाजपा में प्रदेश महामंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं. 2026 में भाजपा ने उन्हें हरियाणा से राज्यसभा भेजा. वह केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के करीबी नेताओं में भी गिने जाते हैं.
अहम जिम्मेदारी
पूर्व सांसद डॉ. सुधा यादव के बेटे सिद्धार्थ यादव को मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है. वह पहले भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता रहे हैं और सुप्रीम कोर्ट में एडवोकेट हैं. वहीं गुरुग्राम निवासी अरुण यादव 2018 में भाजपा से जुड़े थे. 2019 के जींद उपचुनाव के बाद उन्होंने पार्टी के डिजिटल अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई. जनवरी 2024 में उन्हें हरियाणा भाजपा के सोशल मीडिया इंचार्ज की जिम्मेदारी मिली थी.