चंडीगढ़ | हरियाणा में नगर निकाय चुनावों का बिगुल बज गया है. चीफ इलेक्शन ऑफिसर धनपत राय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बताया कि गुरुग्राम, फरीदाबाद, हिसार, पानीपत, रोहतक, यमुनानगर, करनाल और मानेसर में मेयर और सभी वार्डों के चुनाव होने हैं. इसके अलावा, अंबाला और सोनीपत में उपचुनाव होने हैं. इन सबके लिए 2 मार्च को वोटिंग होगी. जबकि 12 मार्च को चुनाव परिणाम घोषित होगा. यदि दोबारा वोटिंग की जरूरत हुई तो इसके लिए 9 मार्च का दिन रिजर्व रखा गया है.
धनपत सिंह ने बताया कि सभी प्रत्याशियों को अपना घोषणा पत्र देना होगा. उसमें आपराधिक, संपत्ति या अन्य कोई विवाद तो नहीं है. इस घोषणा पत्र को अखबार में प्रकाशित करवाना होगा. इस बारे में रिटर्निंग ऑफिसर (RO) दिशानिर्देश देगा. वह प्रत्याशियों को इसकी जानकारी देगा.
यदि कोई प्रत्याशी राजनीतिक दल से है तो उसे बताना होगा कि उसके द्वारा पार्टी को सूचना दी जा चुकी है. पहले की तरह इस बार भी मेयर, नगर परिषद के अध्यक्ष के लिए सीधी वोटिंग होगी.
निकाय चुनावों से जुड़ी अपडेट
- पानीपत को छोड़कर बाकी सभी जगहों पर 11 फरवरी से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी. 18 फरवरी को स्क्रूटनी होगी और 19 फरवरी को नामांकन वापस ले सकते हैं.
- 5 फरवरी को सभी जिला उपायुक्त अपने ऑफिस में नोटिफिकेशन लगाएंगे. 11 फरवरी से 17 फरवरी तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे.
- 4 नगर परिषद पटौदी, जटोली मंडी, सिरसा और अंबाला सदर में चुनाव होगा. 21 नगर पालिकाएं हैं. यहां प्रेसिडेंट और वार्ड मेंबर के चुनाव होंगे.
- सोहना में भी उपचुनाव होना है. यहां सिर्फ प्रेसिडेंट का चुनाव होना है. सफीदो में वार्ड नंबर- 14 में उपचुनाव होना है. कुरुक्षेत्र में इस्माइलाबाद में प्रेसिडेंट का उपचुनाव होना है.
- आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है और ट्रांसफर के लिए परमिशन लेनी होगी.
