चंडीगढ़ | सड़क दुघर्टनाओं में घायलों को अस्पताल पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय की राहवीर योजना हरियाणा में प्रभावी रूप से लागू हो गई है. इस योजना के तहत, सड़क दुघर्टना में घायल व्यक्ति को गोल्डन आवर यानि दुर्घटना होने के 1 घंटे के भीतर तत्काल सहायता प्रदान कर अस्पताल पहुंचाने वाले नेकदिल इंसान को 25 हजार का नकद पुरस्कार और प्रशंसा प्रमाणपत्र दिया जाएगा.
राहवीर योजना से होगी मदद
यह योजना मूलरूप से राहवीर को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है ताकि लोग बिना किसी झिकक के दुर्घटना पीड़ितों की मदद कर अस्पताल पहुंचा सकें. इससे समय पर इलाज मिलने से उनकी जिंदगी बचाने में मदद मिल सकेगा. पिछले साल 21 अप्रैल को इस योजना को लेकर विस्तृत दिशा- निर्देश जारी किए गए थे जिसके बाद हरियाणा सरकार ने राज्यस्तरीय मॉनिटरिंग कमेटी और जिलास्तरीय अप्रेजल कमेटियों का गठन कर दिया है.
हरियाणा सरकार द्वारा इस योजना को लागू किए जाने के बाद अब सभी जिलों में पुलिस लोगों को इस योजना के लिए प्रोत्साहित कर रही है. पुलिस के निर्देशों का पालन करते हुए यदि कोई राहवीर सड़क दुघर्टना की सूचना पुलिस को देता है या घायल व्यक्ति को सीधे अस्पताल पहुंचाने का काम करता है तो पुलिस/ अस्पताल से प्रमाण मिलने पर जिला अप्रेजल कमेटी मामले की जांच कर पुरस्कार की सिफारिश करती है. 25 हजार रुपए की यह पुरस्कार राशि सीधे मददगार व्यक्ति के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जाती है. एक व्यक्ति साल में अधिकतम 5 बार इस योजना के तहत पुरस्कार राशि का लाभ उठा सकता है.
जिला प्रशासन ने की अपील
आमजन से जिला प्रशासन ने अपील करते हुए कहा है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सड़क दुघर्टना में घायल व्यक्ति की बिना किसी झिकक के मदद करें. जितना जल्दी संभव हो सकें, पीड़ित को अस्पताल पहुंचाने का काम करें. राहवीर बनकर न केवल आप किसी घायल व्यक्ति की जिंदगी बचा सकते हैं बल्कि 25 हजार रुपए की पुरस्कार राशि भी हासिल कर सकते हैं.
